Noida News (04/09/2026): उत्तर प्रदेश को देश और दुनिया के प्रमुख टेक्सटाइल हब के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में लखनऊ में 8 और 9 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘UP TEX 2026’ से पहले नोएडा में इसका कर्टेन रेजर एवं रोड शो आयोजित किया गया। सेक्टर-6 स्थित नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (NEA) भवन में हुए इस कार्यक्रम में टेक्सटाइल और अपैरल क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में उद्यमियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के वस्त्र उद्योग की क्षमताओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर सामने लाना, निवेशकों और उद्यमियों के बीच संवाद बढ़ाना तथा टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश, नवाचार, उत्पादन और निर्यात की नई संभावनाओं को गति देना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग एवं हथकरघा विभाग के मंत्री राकेश सचान, प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, पश्चिमी क्षेत्र मेरठ/सहारनपुर मंडल के परिक्षेत्रीय सहायक आयुक्त (हथकरघा) अरविंद कुमार सिंह, एनएईसी अध्यक्ष ललित ठुकराल, एनएईसी उपाध्यक्ष नीरज प्रकाश और आईआईए के उपाध्यक्ष राजीव बंसल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
वैश्विक टेक्सटाइल हब बनाने पर सरकार का फोकस
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राकेश सचान ने कहा कि उत्तर प्रदेश के टेक्सटाइल सेक्टर में व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की उत्पादन क्षमता, कुशल मानव संसाधन और औद्योगिक आधार का बेहतर उपयोग करते हुए उत्तर प्रदेश को वैश्विक टेक्सटाइल हब के रूप में स्थापित किया जाए।
उन्होंने कहा कि ‘UP TEX 2026’ प्रदेश के टेक्सटाइल उद्योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। इसके माध्यम से उद्यमियों, निवेशकों और उद्योग जगत के विभिन्न stakeholders को एक मंच पर लाकर नए कारोबारी अवसर विकसित किए जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आयोजन टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश को बढ़ाने के साथ-साथ निर्यात और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
उद्यमियों की भागीदारी से मजबूत होगा टेक्सटाइल इकोसिस्टम
प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर ने प्रदेश के टेक्सटाइल उद्योग के विकास में उद्योग जगत की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने निवेश की संभावनाओं, सरकारी योजनाओं और UP TEX 2026 की रूपरेखा पर जानकारी साझा की। उन्होंने उद्यमियों से प्रदेश में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर टेक्सटाइल और अपैरल सेक्टर के विस्तार में योगदान देने का आह्वान किया।
एनएईसी अध्यक्ष ललित ठुकराल ने परिधान उद्योग, निर्यात और टेक्सटाइल क्षेत्र में नोएडा तथा उत्तर प्रदेश की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मौजूद औद्योगिक ढांचा और उद्यमियों की क्षमता इसे टेक्सटाइल एवं अपैरल कारोबार के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनाती है।
वहीं, आईआईए के उपाध्यक्ष राजीव बंसल ने नोएडा में अपैरल उद्योग की संभावनाओं और उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने टेक्सटाइल से जुड़े उद्योगों के लिए नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में उपलब्ध कारोबारी अवसरों की जानकारी दी।

होम फर्निशिंग और तकनीकी टेक्सटाइल पर भी चर्चा
कार्यक्रम के दौरान एसएसजी फर्निशिंग्स लिमिटेड, नोएडा के निदेशक चंद्रभूषण मिश्रा ने होमटेक और आईएफआर फैब्रिक के उपयोग एवं संभावनाओं पर जानकारी दी। उन्होंने बदलती जरूरतों के अनुरूप तकनीकी वस्त्रों के बढ़ते महत्व पर चर्चा की।
एलीट होम डेकोर के निदेशक अवनीश गौतम ने स्टार्टअप्स और भारतीय होम फर्निशिंग उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती मांग को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियों के लिए वैश्विक बाजार में अपनी उपस्थिति मजबूत करने की पर्याप्त संभावनाएं हैं।
उद्यमियों को योजनाओं और निवेश अवसरों की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान उद्योगपतियों को प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं, निवेश के अवसरों और निर्यात संवर्धन से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए अलग पंजीकरण एवं सहायता काउंटर भी स्थापित किया गया। यहां उद्यमियों को UP TEX 2026 में भागीदारी के साथ-साथ विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर सहायक आयुक्त एवं संयोजक अरविंद कुमार सिंह ने सभी उद्यमियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उद्योग जगत से 8 और 9 सितंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाले UP TEX 2026 में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने उद्यमियों से उत्तर प्रदेश सरकार की टेक्सटाइल संबंधी योजनाओं और निवेश अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस दौरान प्रस्तावित नवीन टेक्सटाइल पॉलिसी-2027 को लेकर भी चर्चा हुई।
सरकार और उद्योग जगत के बीच हुए इस संवाद को उत्तर प्रदेश के टेक्सटाइल सेक्टर को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि UP TEX 2026 के माध्यम से प्रदेश के टेक्सटाइल, अपैरल, होम फर्निशिंग और संबंधित उद्योगों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजार से जोड़ने के प्रयासों को और गति मिलेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।