स्वाइन फ्लू के मामले बढ़कर 222 हुए, 11 नए मरीज मिले; जिला अस्पताल में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (03/09/2026): जिले में स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 222 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें हाल में सामने आए 11 नए मामले भी शामिल हैं। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं बताई गई है और अधिकांश संक्रमितों का उपचार उनके घर पर ही चल रहा है।
संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और जिला अस्पताल प्रशासन ने निगरानी तथा उपचार की व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में बुखार और सांस से जुड़ी शिकायत वाले मरीजों के लिए विशेष ओपीडी शुरू की गई है। साथ ही अस्पताल में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल भर्ती किया जा सके।
दो दिनों में 120 मरीजों की हुई जांच
जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षणों वाले मरीजों की स्क्रीनिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक विशेष ओपीडी के तहत पिछले दो दिनों में करीब 120 मरीजों की जांच की गई। इनमें बुखार, खांसी, गले में खराश और सांस संबंधी परेशानी वाले मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर देखा जा रहा है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा के मुताबिक अस्पताल में सामान्य दिनों में करीब 4 हजार मरीज प्रतिदिन ओपीडी में पहुंचते हैं। ऐसे में संक्रमण के प्रसार को देखते हुए संदिग्ध मरीजों की पहचान और उन्हें अन्य मरीजों से अलग रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
10 बेड का अलग आइसोलेशन वार्ड
अस्पताल में संक्रमित या संदिग्ध मरीजों के लिए 10 बेड का अलग आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। इसके अलावा बुखार से पीड़ित मरीजों की जांच और उपचार के लिए दो अलग कमरे निर्धारित किए गए हैं। इन कमरों में मरीजों की जांच और चिकित्सकीय निगरानी के लिए दो डॉक्टरों की तैनाती की गई है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि संदिग्ध मरीजों को सामान्य ओपीडी की भीड़ से अलग रखने का उद्देश्य संक्रमण की आशंका को कम करना और जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
सांस की बीमारी वाले दो मरीज ICU में भर्ती हुए
स्वाइन फ्लू के लक्षण वाले दो मरीजों को एहतियात के तौर पर जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। दोनों मरीजों को पहले से सांस संबंधी स्वास्थ्य समस्याएं थीं, जिसके चलते चिकित्सकों ने उन्हें निगरानी में रखना उचित समझा। हालांकि, जांच रिपोर्ट में दोनों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हुई।
सीएमएस के अनुसार फिलहाल अस्पताल में बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों वाले मरीजों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी मरीज की हालत बिगड़ने की स्थिति में उसे तत्काल भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति पर बढ़ाई निगरानी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी के मुताबिक जिले में सामने आए सभी 222 मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य है। संक्रमित मरीजों का उपचार चिकित्सकीय सलाह के अनुसार जारी है और गंभीर लक्षण सामने आने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता अब नए मामलों की समय पर पहचान, संदिग्ध मरीजों की जांच और गंभीर जोखिम वाले मरीजों की लगातार निगरानी करना है। जिला अस्पताल में बढ़ाई गई व्यवस्थाओं का उद्देश्य संक्रमण के मामलों में संभावित वृद्धि की स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराना है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।