मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर नोएडा कारोबारी से 22 लाख ठगे

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (02/09/2026): सेक्टर-37 में रहने वाले एक कारोबारी को साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट का शिकार बनाकर 22 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने खुद को मुंबई साइबर विभाग का अधिकारी बताया और कारोबारी की पहचान का गलत इस्तेमाल कर बैंक खाता खोले जाने की बात कही। ठगों ने दावा किया कि इस खाते से अवैध लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग की गई है।

पीड़ित के मुताबिक, 31 जुलाई को उनके पास एक फोन कॉल आया था। कॉल करने वाले ने कहा कि उनकी आईडी से कुमार नाम के व्यक्ति के नाम पर बैंक अकाउंट खोला गया है। इस खाते से हुई गतिविधियों में उनका नाम भी सामने आया है। आरोपियों ने गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर कारोबारी को लगातार अपने निर्देशों का पालन करने के लिए मजबूर किया।

इसके बाद ठगों ने जांच के नाम पर कारोबारी से निजी, पारिवारिक और बैंक खातों से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली। उन्हें बताया गया कि 1 अगस्त की सुबह सीबीआई कार्यालय में एक अधिकारी के सामने पेश होना होगा। इसी दौरान आरोपियों ने कहा कि बैंक खाते की जांच के लिए 22 लाख रुपये एक निर्धारित खाते में ट्रांसफर करने होंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद रकम वापस कर दी जाएगी।

आरोपियों की बातों पर विश्वास करके कारोबारी ने 22 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए बताए गए सहकारी बैंक के खाते में भेज दिए। रकम मिलने के बाद ठगों ने दोबारा और पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया। लगातार रकम मांगने पर कारोबारी को शक हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।

इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, बैंक खाते और लेनदेन से जुड़े विवरण की जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।