ग्रेटर नोएडा में मिशन शक्तिसैट का आगाज, 108 देशों की 1200 छात्राएं जुटीं
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (24/08/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के 19वें स्थापना दिवस पर रविवार को मिशन शक्तिसैट कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में भारत समेत 108 देशों की करीब 1200 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की अंतरिक्ष यात्रा केवल वैज्ञानिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भरता, नवाचार और युवा शक्ति की क्षमता को भी दर्शाती है।
सीएम योगी ने युवाओं से तकनीक और नए विचारों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाला दौर केवल डिग्री हासिल करने का नहीं, बल्कि इनोवेशन, उद्यमिता और तकनीकी दक्षता का है। युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ काम करने की अपील की।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि प्रदेश शिक्षा, तकनीक, उद्योग और नवाचार के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। मिशन शक्तिसैट जैसी पहल छात्राओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि बेटियां विज्ञान, अंतरिक्ष और अनुसंधान के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।

मिशन शक्तिसैट का आयोजन 31 अगस्त तक किया जाएगा। इस दौरान प्रतिभागी छात्राओं को अंतरिक्ष विज्ञान, उपग्रह तकनीक, पेलोड विकास, इलेक्ट्रॉनिक्स और सिस्टम इंजीनियरिंग की जानकारी दी जाएगी। छात्राएं उपग्रह की डिजाइनिंग से लेकर निर्माण, परीक्षण और अंतरिक्ष में तैनाती की प्रक्रिया को करीब से समझेंगी। कार्यक्रम के तहत शक्तिसैट-लियो और शक्तिसैट-मून जैसे छात्र-निर्मित उपग्रह तैयार करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

कार्यक्रम में विंग कमांडर राकेश शर्मा ने ऑनलाइन संबोधन में कहा कि वैज्ञानिक ज्ञान और तकनीकी क्षमताओं का इस्तेमाल पृथ्वी और मानवता के बेहतर भविष्य के लिए किया जाना चाहिए। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि संस्थान का लक्ष्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनमें वैज्ञानिक सोच, नवाचार और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करना भी है। इस अवसर पर उत्कृष्ट शोध, पेटेंट और पुस्तक लेखन के लिए शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए विदेशी छात्राओं को भारतीय कला, संगीत और नृत्य की झलक भी दिखाई गई।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।