जमीन बंटवारे के विवाद में चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (27/08/2026): दादरी थाना क्षेत्र में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रामपुर फतेहपुर गांव में चचेरे भाइयों के बीच हुए झगड़े के दौरान एक युवक की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 26 वर्षीय शाहीद के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका चचेरा भाई इमरान पुत्र ग्यासुद्दीन है। दोनों मूल रूप से बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और वर्तमान में दादरी क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में एक कमरे में रह रहे थे।
बताया गया कि 23 और 24 अगस्त की मध्यरात्रि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान इमरान ने कमरे में रखी कुल्हाड़ी उठाकर शाहीद पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से शाहीद की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
मृतक के भाई की शिकायत पर दादरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीमों ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। गुरुवार को पुलिस ने इमरान को दादरी कस्बे में रेलवे फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पहले ही घटना में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर चुकी थी। आरोपी की निशानदेही पर वारदात के समय पहना गया खून से सना बनियान भी बरामद किया गया।
दादरी थाना प्रभारी नीरज मिश्रा के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों के बीच तनाव था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।