त्योहारों से पहले खाद्य विभाग का एक्शन, नोएडा में 300 किलो पनीर नष्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (24/08/2026): नोएडा में आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। जिले के अलग-अलग इलाकों में अधिकारियों की टीमों ने डेयरियों, मिठाई की दुकानों और खाद्य पदार्थों की सप्लाई करने वाले वाहनों की जांच की। इस दौरान करीब 300 किलो पनीर मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मिलने पर नष्ट करा दिया गया।

खाद्य विभाग की टीम ने डीएनडी फ्लाईओवर के पास किलोखरी क्षेत्र में बुलंदशहर से दिल्ली जा रहे एक वाहन को रोककर उसमें रखे पनीर का नमूना लिया। इसके अलावा सेक्टर-88 स्थित नोएडा मंडी के कासिम पनीर भंडार से भी पनीर का सैंपल लिया गया। अधिकारियों ने तुगलपुर स्थित आसिफ डेयरी से पनीर और दही तथा नॉलेज पार्क-2 की इशिका डेयरी से पनीर का नमूना जांच के लिए भेजा।

इसी अभियान के तहत यथार्थ अस्पताल के पास बीकानेर स्वीट से बूंदी के लड्डू और खोया के नमूने लिए गए। खाद्य विभाग की टीम ने गढ़ी चौखंडी स्थित शौकीन डेयरी पर भी छापा मारा, जहां करीब 300 किलो पनीर मिला। अधिकारियों के अनुसार यह पनीर मेवात, हरियाणा से लाया गया था। नमूना लेने के बाद शेष पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा के अनुसार अभियान के दौरान कुल 8 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जांच और छापेमारी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।