YEIDA बोर्ड बैठक: मेडिकल हब से लेकर ताइवान सिटी और फार्मा क्लस्टर तक, 92वीं बैठक में कई बड़े फैसले
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (17/08/2026): यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 92वीं बोर्ड बैठक सोमवार, 17 अगस्त 2026 को आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र के औद्योगिक, शैक्षिक, चिकित्सा और बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बोर्ड ने मेडिकल हब, यूनिवर्सिटी टाउनशिप, आधुनिक मंडी, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, अंतरराज्यीय बस अड्डा, ताइवान सिटी और फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए भूमि चिन्हित और आरक्षित करने के फैसले लिए।

यीडा की आय में 90 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी
बैठक में प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति की भी समीक्षा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 31 जुलाई 2025 तक यीडा की कुल प्राप्तियां 974.37 करोड़ रुपये थीं। इसके मुकाबले वित्तीय वर्ष 2026-27 में 31 जुलाई 2026 तक कुल प्राप्तियां बढ़कर 1853.74 करोड़ रुपये हो गईं। यानी पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में प्राप्तियों में 90.25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। औद्योगिक और मिक्स्ड लैंड योजना से ही इस अवधि में 1195.99 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई है। यह पूरे वित्तीय वर्ष के लिए इस मद में निर्धारित अनुमानित बजट का 86.17 प्रतिशत है।
वहीं, 31 जुलाई 2025 तक पिछले वित्तीय वर्ष में प्राधिकरण का कुल व्यय 1308.57 करोड़ रुपये था। चालू वित्तीय वर्ष में 31 जुलाई 2026 तक कुल व्यय 3690.64 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इसमें भूमि अधिग्रहण और विभिन्न बैंकों से लिए गए ऋण की अदायगी पर 3371 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में इन मदों पर 1385 करोड़ रुपये का व्यय हुआ था।
500 एकड़ में बनेगा मेडिकल हब
बोर्ड बैठक में संस्थागत भू-उपयोग के तहत सेक्टर-13 और सेक्टर-14 में करीब 500 एकड़ भूमि पर मेडिकल हब विकसित करने की योजना को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही सेक्टर-14 में लगभग 480 एकड़ भूमि पर यूनिवर्सिटी टाउनशिप विकसित करने की तैयारी है।
सेक्टर-34 में करीब 36 एकड़ भूमि पर आधुनिक मंडी स्थापित करने तथा सेक्टर-23डी में लगभग 50 एकड़ भूमि पर आधुनिक अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के लिए भूमि चिन्हित की गई है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिलने और किसानों को आधुनिक मंडी व्यवस्था उपलब्ध होने की उम्मीद है।
नोएडा एयरपोर्ट के पास बनेगा अंतरराज्यीय बस अड्डा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास बढ़ती यात्री और औद्योगिक गतिविधियों को देखते हुए सेक्टर-23सी में अंतरराज्यीय बस अड्डा विकसित करने के लिए भूमि चिन्हित करने का निर्णय लिया गया है। इससे एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों के साथ उद्यमियों और स्थानीय लोगों को भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
300 एकड़ में प्रस्तावित ‘ताइवान सिटी’
औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए सेक्टर-6 में 300 एकड़ भूमि पर ‘ताइवान सिटी’ विकसित करने के प्रस्ताव को बोर्ड ने मंजूरी दी है। यह क्षेत्र विशेष रूप से ताइवान आधारित कंपनियों और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं तकनीकी विनिर्माण से जुड़े निवेश को आकर्षित करने के लिए विकसित किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्राधिकरण का उद्देश्य इस परियोजना के माध्यम से हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और तकनीकी उद्योगों के लिए एक अनुकूल औद्योगिक इकोसिस्टम तैयार करना है।
125 एकड़ तक में बनेगा फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
उत्तर प्रदेश में फार्मा उद्योग को गति देने और विकसित भारत@2047 के लक्ष्य के अनुरूप औद्योगिक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से सेक्टर-6 में करीब 100 से 125 एकड़ भूमि पर Pharmaceutical Formulation Manufacturing Cluster विकसित करने का फैसला लिया गया है।
इस क्लस्टर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय Good Manufacturing Practice (GMP) मानकों के अनुरूप दवाओं के निर्माण से जुड़ी इकाइयां स्थापित करने की परिकल्पना की गई है। यहां टैबलेट, कैप्सूल, इंजेक्शन, ओरल लिक्विड, टॉपिकल प्रिपरेशन और अन्य फिनिश्ड डोजेज फॉर्म का उत्पादन करने वाली कंपनियों को आकर्षित किया जाएगा।
प्राधिकरण के मुताबिक, इस परियोजना से वैश्विक फार्मा वैल्यू चेन से जुड़ाव बढ़ेगा, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से निवेश आएगा तथा बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश को प्रमुख फार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
मेडिकल डिवाइस पार्क में बनेगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की टेस्टिंग सुविधा
यीडा के मेडिकल डिवाइस पार्क में FDA Accreditation Scheme for Conformity Assessment (ASCA) के अनुरूप मेडिकल डिवाइस टेस्टिंग फैसिलिटी स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। परियोजना के तकनीकी, वित्तीय और संस्थागत पहलुओं की समीक्षा के लिए टेक्निकल एक्सपर्ट कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया है।
वर्तमान में भारतीय मेडिकल डिवाइस निर्माताओं को अपने उत्पादों के परीक्षण और अनुरूपता मूल्यांकन के लिए कई मामलों में विदेश स्थित प्रयोगशालाओं पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे परीक्षण की लागत और समय दोनों बढ़ते हैं। प्रस्तावित सुविधा के विकसित होने के बाद देश के मेडिकल डिवाइस निर्माताओं और एमएसएमई को भारत में ही अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप परीक्षण सुविधा मिल सकेगी।
इस केंद्र में इलेक्ट्रिकल सेफ्टी, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक कम्पैटिबिलिटी, मैकेनिकल परफॉर्मेंस, सॉफ्टवेयर वैलिडेशन, स्टरलाइजेशन और पैकेजिंग वैलिडेशन जैसी परीक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इससे मेडिकल डिवाइस पार्क के आवंटियों के साथ-साथ देशभर के निर्माताओं को लाभ मिलने और निर्यात व निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर करबन नदी के ऊपर बनेगा कलवर्ट
आगरा जिले में यीडा क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे की चैनेज 161.21 पर सर्विस रोड में करबन नदी के ऊपर कलवर्ट यानी माइनर ब्रिज के निर्माण को भी बोर्ड ने मंजूरी दी है। वर्तमान में बारिश के दौरान यहां अत्यधिक जलभराव के कारण सर्विस रोड पर यातायात प्रभावित होता है। कलवर्ट के निर्माण से पानी की निकासी बेहतर होने और बरसात के मौसम में भी आवागमन सुचारू रहने की उम्मीद है। इससे आसपास के ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
किसानों से भूमि खरीद की दरों में संशोधन
औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के तेजी से विस्तार को देखते हुए किसानों से आपसी सहमति के आधार पर भूमि खरीद की दरों में बदलाव के प्रस्ताव को भी बोर्ड ने मंजूरी दी है। फेज-1 के गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर क्षेत्र में नियोजन की दृष्टि से उपयोगी भूमि खरीदने के लिए वर्तमान दर 4300 रुपये प्रति वर्ग मीटर है। बोर्ड के निर्णय के अनुसार इसमें 6 प्रतिशत की वृद्धि कर दर 4558 रुपये प्रति वर्ग मीटर करने का विकल्प रखा गया है।
इसके अलावा दूसरे विकल्प के तहत 4037 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर के साथ 7 प्रतिशत आबादी भूखंड देने का प्रावधान निर्धारित किया गया है। इस निर्णय का उद्देश्य किसानों की सहमति से भूमि उपलब्ध कराकर क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक और अवसंरचनात्मक परियोजनाओं को गति देना है।
यीडा की 92वीं बोर्ड बैठक में लिए गए इन फैसलों से क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, मेडिकल और फार्मा सेक्टर, उच्च शिक्षा, खेल, परिवहन तथा आधुनिक कृषि बुनियादी ढांचे के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर नोएडा एयरपोर्ट के आसपास प्रस्तावित परियोजनाओं को यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।