बारिश में फील्ड पर उतरे नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी, जलभराव वाले इलाकों का किया निरीक्षण
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (06/08/2026): शहर में गुरुवार को हुई रुक-रुककर बारिश के बीच जलभराव की स्थिति पर नजर रखने के लिए नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी पूरे दिन फील्ड में सक्रिय रहे। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश के निर्देश पर तीनों महाप्रबंधकों सहित सभी वर्क सर्किलों के अधिकारियों ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया।
महाप्रबंधक एस.पी. सिंह, ए.के. अरोड़ा और आर.पी. सिंह अपनी-अपनी टीमों के साथ विभिन्न सेक्टरों, अंडरपास और जलभराव संभावित क्षेत्रों में पहुंचे। अधिकारियों ने नालों की सफाई, ड्रेनेज सिस्टम और जल निकासी की व्यवस्था का निरीक्षण किया। जहां भी किसी प्रकार की कमी या लापरवाही दिखाई दी, वहां संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
प्राधिकरण के अनुसार, हाल के दिनों में बरौला सहित कुछ ग्रामीण क्षेत्रों, सेक्टरों और अंडरपास में जलभराव की शिकायतें सामने आई थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए मानसून के दौरान ऐसे सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि बारिश के समय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

सीईओ कृष्णा करुणेश ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि बारिश के दौरान किसी भी स्थान पर लापरवाही के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है, तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी सीधे तौर पर जिम्मेदार माने जाएंगे। उन्होंने सभी विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने, जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण का कहना है कि मानसून के दौरान शहर में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई की रणनीति अपनाई जा रही है, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।