वर्कशॉप हमले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (06/08/2026): दनकौर क्षेत्र में वर्कशॉप पर हुए जानलेवा हमले के मामले में ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, ऊंची दनकौर निवासी सूबेराम की शिकायत पर इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि 26 जुलाई की शाम उनका भतीजा नीरज अपनी वर्कशॉप में मजदूरों के साथ काम कर रहा था। इसी दौरान धीरज अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और वर्कशॉप पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से नीरज और वहां मौजूद अन्य लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके साथ ही वर्कशॉप में तोड़फोड़ कर नुकसान भी पहुंचाया। हमले में गंभीर रूप से घायल नीरज को तत्काल ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका कई दिनों तक उपचार चला।

कोतवाली दनकौर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी धीरज को गुरुवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।उन्होंने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।