उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य डैशबोर्ड में CHC बिसरख ने हासिल किया पहला स्थान
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (01/08/2026): सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसरख ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर गौतमबुद्ध नगर विकास समिति (GBNVS) ने सीएचसी बिसरख की पूरी चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य टीम को सम्मानित करते हुए उनके समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में समिति ने सीएचसी बिसरख के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन्द्र कुमार मिश्रा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विक्रम सिंह तथा लैब टेक्नीशियन अरविंद चौधरी को स्वास्थ्य सेवाओं में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया। समिति का कहना था कि यह सम्मान केवल तीन अधिकारियों का नहीं, बल्कि पूरी स्वास्थ्य टीम के अथक परिश्रम और सेवा-भाव का सम्मान है।
कार्यक्रम में गौतमबुद्ध नगर विकास समिति की अध्यक्ष रश्मि पांडेय, सचिव अनूप कुमार सोनी, अरुण चौधरी और गुंजन कपूर सहित समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि सीएचसी बिसरख ने सीमित संसाधनों में भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर एक नई मिसाल कायम की है।
समिति ने विशेष रूप से पल्स पोलियो अभियान में सीएचसी बिसरख की सक्रिय भूमिका की प्रशंसा की। समिति के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की टीम ने केवल ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आवासीय सोसाइटियों तक ही अपनी सेवाएं सीमित नहीं रखीं, बल्कि पूरे गौतम बुद्ध नगर जिले की विभिन्न सोसाइटियों और क्षेत्रों में पहुंचकर हजारों बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक उपलब्ध कराई। समिति ने इसे जनस्वास्थ्य के प्रति समर्पण, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन्द्र कुमार मिश्रा ने क्षेत्रवासियों को सीएचसी बिसरख में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अब विशेषज्ञ सर्जन, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) तथा आधुनिक फिजियोथेरेपी की निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सेवाओं का लाभ नागरिक सोमवार से शनिवार तक प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच उठा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण और सुलभ चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना भी है। इसी लक्ष्य के साथ सीएचसी बिसरख लगातार अपनी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर रहा है।
गौतमबुद्ध नगर विकास समिति ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सीएचसी बिसरख की टीम भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और सेवा-भाव के साथ जनस्वास्थ्य को मजबूत करने की दिशा में कार्य करती रहेगी। समिति ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल बिसरख बल्कि पूरे गौतम बुद्ध नगर जनपद के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।