विकसित भारत की नींव है नशामुक्त और संस्कारित युवा: कुलपति प्रो. मुरली मनोहर पाठक
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (01/08/2026): श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार “नशा मुक्त भारत अभियान–विकसित भारत की पहचान” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुरली मनोहर पाठक ने की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशामुक्त, संस्कारित और आत्मानुशासित युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
प्रो. पाठक ने कहा कि नशे से दूर रहना केवल व्यक्तिगत सफलता का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से संयम, सदाचार और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि युवा इन मूल्यों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं, तो विकसित भारत का सपना शीघ्र साकार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। यह केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करती, बल्कि उसकी प्रतिभा, परिवार की खुशियों और समाज की ऊर्जा को भी कमजोर करती है। ऐसे में शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं रह सकती, बल्कि उन्हें विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, चरित्र निर्माण और सामाजिक चेतना का भी विकास करना होगा।
कुलपति ने भारतीय ज्ञान परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आत्मसंयम, विवेक और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक बनाकर इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रतिष्ठित मनोचिकित्सक एवं सेरेनिटी क्लिनिक की विशेषज्ञ डॉ. अंजली नागपाल ने मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, मानसिक स्वास्थ्य और व्यसन मुक्ति के वैज्ञानिक एवं मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में त्वरित सफलता पाने की चाह, डिजिटल व्यसन और कुसंगति युवाओं को नशे की ओर आकर्षित कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योग, व्यायाम और सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की सलाह दी, ताकि मानसिक संतुलन बनाए रखा जा सके और नशे जैसी बुराइयों से बचा जा सके।
कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. मार्कण्डेय नाथ तिवारी और संयोजक डॉ. नवदीप जोशी ने कहा कि “नशा मुक्त भारत अभियान” का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना भी है।
इस अवसर पर योग एवं समग्र स्वास्थ्य पीठ के प्रमुख प्रो. विष्णुपद, दर्शन पीठ के प्रमुख प्रो. अनेकांत, छात्र कल्याण पीठ की प्रमुख प्रो. सुजाता त्रिपाठी, डॉ. रमेश कुमार, डॉ. हरि राम मीना सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन डॉ. हर्ष कुमार शुक्ला द्वारा शांति पाठ के साथ किया गया।
विश्वविद्यालय में आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम शिक्षा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व को एक साथ जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश भी दिया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।