UPITS-2026 को ग्लोबल ब्रांड बनाने की तैयारी, सीएम योगी ने दिए बड़े निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

Uttar Pradesh News (01/08/2026): उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आयोजन की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का देश और विदेश में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रदेश की औद्योगिक ताकत, नवाचार, निर्यात क्षमता और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने वाला यह ट्रेड शो केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश और व्यापार के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने का मंच बनेगा। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘UP for Global Growth: Innovation, Manufacturing and Exports’ रखी गई है, जिसके माध्यम से प्रदेश की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति को दुनिया के सामने प्रदर्शित किया जाएगा।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस बार 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.50 लाख से ज्यादा बी2बी खरीदारों, 4.50 लाख से अधिक आम आगंतुकों और 85 देशों से 550 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही 4,000 से अधिक एमओयू, करीब 3,200 करोड़ रुपये के प्रस्तावित समझौते और 13,500 करोड़ रुपये से अधिक की संभावित व्यावसायिक पूछताछ हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी ने सिंगापुर, जापान, रूस, ब्राजील, इंडोनेशिया, थाईलैंड, ऑस्ट्रिया और ओमान सहित विभिन्न देशों के साथ सक्रिय संपर्क बढ़ाकर उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशकों और खरीदारों को बेहतर अनुभव देने के लिए उद्यमी मित्रों की तैनाती की जाए और स्थानीय विश्वविद्यालयों व उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को भी आयोजन से जोड़ा जाए।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और ईवी बसों के संचालन जैसी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि UPITS-2026 उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, निवेश अनुकूल माहौल और वैश्विक प्रतिस्पर्धा की क्षमता को प्रभावी ढंग से दुनिया के सामने प्रस्तुत कर सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।