बरौला में जलभराव पर नोएडा प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, दो कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (28/07/2026): ग्राम बरौला में लंबे समय से बनी जलनिकासी की समस्या और हालिया बारिश के बाद उत्पन्न हुए गंभीर जलभराव को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की है। क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था के लगातार विफल रहने और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही सामने आने के बाद मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश ने जवाबदेही तय करते हुए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

सीईओ के आदेश पर प्राथमिक जांच में ड्यूटी के प्रति गंभीर उदासीनता पाए जाने पर जूनियर इंजीनियर (जेई) पार्थ राठौड़ और सुपरवाइजर मांगेराम की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं। प्राधिकरण का मानना है कि क्षेत्र में जलभराव की समस्या समय रहते नियंत्रित की जा सकती थी, लेकिन जिम्मेदार कर्मियों की निष्क्रियता के कारण हालात बिगड़ गए।

इसके अलावा सिविल प्रबंधक करण सिंह त्यागी और जल एवं सीवर प्रबंधक रमेन्द्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। जलभराव की स्थिति से प्रभावी ढंग से नहीं निपट पाने और निगरानी में कमी पाए जाने पर दोनों अधिकारियों के सेवा अभिलेख में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने का निर्णय लिया गया है। इसे भविष्य की सेवा मूल्यांकन प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण माना जाएगा।

प्राधिकरण के अनुसार बरौला में बारिश के दौरान सड़कों और गलियों में जलभराव की स्थिति ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी। शिकायतों के बावजूद मौके पर समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद क्षेत्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई।

सीईओ कृष्णा करुणेश ने इस कार्रवाई के साथ ही सभी वर्क सर्किलों के अभियंताओं, प्रबंधकों और फील्ड स्टाफ को स्पष्ट चेतावनी दी है कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों में अब किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश के मौसम में जलनिकासी व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और शिकायत मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि, प्राधिकरण की प्राथमिकता शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यदि भविष्य में किसी भी क्षेत्र में जलभराव, सीवर, सड़क या अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ इससे भी अधिक कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण की इस कार्रवाई को अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि जनसुविधाओं की अनदेखी अब सीधे जवाबदेही और सख्त प्रशासनिक कार्रवाई का कारण बनेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।