Noida News (23/07/2026): नोएडा में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए अपनाए जा रहे उपायों को केंद्र सरकार के समक्ष उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया। कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में आयोजित एयर पॉल्यूशन समिति की बैठक में नोएडा प्राधिकरण ने शहर में लागू की गई तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण अभियान और भविष्य की कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। प्राधिकरण की ओर से महाप्रबंधक एस.पी. सिंह ने शहर में किए गए प्रयासों की जानकारी साझा की।
बैठक में बताया गया कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2025 में नोएडा ने देश के 131 नॉन-अटेनमेंट शहरों में 9वां स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में भी शहर की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। वर्ष 2018 की तुलना में नोएडा ने लंबी छलांग लगाई है और उत्तर प्रदेश का एकमात्र शहर बना है, जिसे सुपर स्वच्छ लीग में जगह मिली है। प्राधिकरण के अनुसार पिछले चार वर्षों में पीएम-10 के स्तर में करीब 21 प्रतिशत की कमी आई है, जो वायु गुणवत्ता में सुधार का संकेत है।
प्राधिकरण ने बताया कि शहर में प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण सड़क की धूल और वाहनों से निकलने वाला धुआं है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए निर्माण स्थलों पर एंटी-स्मॉग गन, नियमित पानी का छिड़काव, मैकेनिकल रोड स्वीपिंग, निर्माण सामग्री को ढककर रखना और निर्माण एवं विध्वंस कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण जैसे कदम लगातार उठाए जा रहे हैं। साथ ही खुले में कचरा जलाने और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए शहर के 10 संवेदनशील हॉटस्पॉट भी चिन्हित किए गए हैं, जहां विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इन इलाकों में सफाई व्यवस्था मजबूत करने, ट्रैफिक प्रबंधन सुधारने, गड्ढा मुक्त सड़कें बनाए रखने और धूल नियंत्रण के उपायों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अलावा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) और इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के माध्यम से सफाई, कचरा प्रबंधन, ट्रैफिक संचालन और मशीनों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे प्रदूषण कम करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।