पंकज सिंह के हस्तक्षेप से रोहिल्लापुर भूमि विवाद में बड़ी पहल, नोएडा प्राधिकरण ने गठित की जांच समिति
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (20/07/2026): सेक्टर-132 स्थित ग्राम रोहिल्लापुर की पुरानी ग्रामीण आबादी और प्रस्तावित 5 प्रतिशत भूखंडों को लेकर चल रहे विवाद में सोमवार को महत्वपूर्ण प्रगति देखने को मिली। नोएडा प्राधिकरण ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए संयुक्त जांच समिति (जॉइंट इनक्वायरी कमेटी) गठित करने का निर्णय लिया है। यह फैसला प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) सतीश पाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान लिया गया, जिसमें गांव के किसानों और प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच विस्तार से चर्चा हुई।
जानकारी के अनुसार, यह बैठक नोएडा विधायक पंकज सिंह के हस्तक्षेप के बाद आयोजित की गई। किसानों ने बताया कि विधायक ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण के अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा करने और न्यायसंगत समाधान निकालने का आग्रह किया था।
बैठक में ग्राम रोहिल्लापुर की ओर से अजीत तोमर ‘बजरंगी’, डॉ. रंजन तोमर सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कई महत्वपूर्ण दस्तावेज प्रस्तुत किए। इनमें 5(1) समिति की रिपोर्ट, समिति द्वारा अनुमोदित नक्शे, उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन मामले से जुड़े दस्तावेज, लिखित समझौता और अन्य अभिलेख शामिल थे।
किसानों का कहना था कि नोएडा प्राधिकरण की ओर से पूर्व में गठित 5(1) समिति ने संबंधित भूमि को ग्रामीण आबादी मानते हुए अपनी रिपोर्ट दी थी और उसी आधार पर आगे की प्रक्रिया भी अपनाई गई थी। इसके बावजूद उसी भूमि पर 5 प्रतिशत भूखंडों का प्रस्ताव दर्ज किए जाने से कई गंभीर सवाल खड़े हुए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
बैठक के दौरान एसीईओ सतीश पाल ने उपलब्ध अभिलेखों का परीक्षण करने के बाद पूरे मामले की संयुक्त जांच कराने का निर्णय लिया। जांच समिति यह पता लगाएगी कि प्राधिकरण के विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग रिपोर्ट किन आधारों पर तैयार की गईं और पूर्व में हुए लिखित समझौते, 5(1) समिति की संस्तुतियों तथा उपलब्ध रिकॉर्ड के बावजूद वर्तमान स्थिति कैसे उत्पन्न हुई।

किसानों ने उम्मीद जताई कि जांच समिति सभी दस्तावेजों, तथ्यों और कानूनी पहलुओं का निष्पक्ष मूल्यांकन करेगी। उनका कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या प्रक्रिया संबंधी त्रुटि सामने आती है, तो संबंधित 5 प्रतिशत भूखंडों को निरस्त कर नियमानुसार किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाना चाहिए।
बैठक के बाद ग्राम रोहिल्लापुर के किसानों और नोएडा विलेज रेजिडेंट्स एसोसिएशन (NOVRA) ने विधायक पंकज सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। किसानों का कहना था कि उन्होंने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को दोनों पक्षों की बात सुनकर निष्पक्ष एवं न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि विधायक के हस्तक्षेप और नोएडा प्राधिकरण द्वारा गठित संयुक्त जांच समिति के माध्यम से इस विवाद का पारदर्शी समाधान निकलेगा तथा किसानों के वैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित होगी। किसानों और ग्रामीणों ने मीडिया का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाचार माध्यमों ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया, जिससे मामला प्राधिकरण के संज्ञान में पहुंचा और जांच की दिशा में ठोस पहल संभव हो सकी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।