कार्यकर्ता ही मेरी सबसे बड़ी ताकत : ग्रेटर नोएडा में बोले भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (19/07/2026): भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा का रविवार को ग्रेटर नोएडा आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा, फूल-मालाओं और “भारत माता की जय” व “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों के बीच आयोजित स्वागत समारोह में जिले भर से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, युवा मोर्चा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान डॉ. मिश्रा ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने का प्रयास किया।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. रोहित मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक और सामाजिक जीवन कार्यकर्ताओं के विश्वास और सहयोग से ही आगे बढ़ा है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, जिस कार्यकर्ता का हाथ मैंने थामा है, उसका साथ कभी नहीं छोड़ूंगा। वर्ष 2015 से आज तक मैंने अपने साथ जुड़े किसी भी साथी को अकेला नहीं छोड़ा है।

उन्होंने कहा कि संगठन की सफलता का आधार कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन और निरंतर परिश्रम है। यदि यही समर्पण आगे भी बना रहा तो भाजपा आने वाले समय में और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।

अपने संबोधन में डॉ. मिश्रा ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि भाजपा लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि युवा मोर्चा केवल कार्यक्रम आयोजित करने वाला संगठन नहीं, बल्कि भाजपा की ऊर्जा और भविष्य का नेतृत्व तैयार करने वाला मजबूत मंच है।

उन्होंने युवाओं से वैचारिक रूप से सशक्त बनने का आग्रह करते हुए भाजपा के डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम से जुड़ने की अपील की। उनका कहना था कि संगठन की विचारधारा, नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सही जानकारी प्रत्येक कार्यकर्ता तक पहुंचना आवश्यक है, ताकि वह समाज के बीच प्रभावी संवाद स्थापित कर सके।

अपने संबोधन के दौरान डॉ. मिश्रा ने देशभक्ति का भाव भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र उन महान क्रांतिकारियों की प्रेरणादायी विरासत से जुड़ा है, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा की इस पावन धरती की धूल भी उनके लिए माथे का तिलक है। भाषण के अंत में उन्होंने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कविता सुनाकर उपस्थित कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया, जिस पर पूरा सभागार तालियों और जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम के समापन पर डॉ. मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से अपने काफिले के साथ चल रहे वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज गति से वाहन न चलाने का आग्रह किया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। उन्होंने कहा कि विकसित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्थानीय भाजपा नेता अन्नू और उनकी पूरी टीम सहित सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री महामेधा नागर, भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखविंदर सोम, जिला महामंत्री अनुज कश्यप, वीरेन्द्र भाटी, धर्मेन्द्र कोरी, सतेन्द्र नागर, अरुण प्रधान, अरुण यादव, भाजयुमो जिला अध्यक्ष राज नागर, जिला मीडिया प्रभारी करमवीर आर्य, शक्ति रावल सहित जिला एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और आगामी चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।