रजिस्ट्री व्यवस्था को लेकर आंदोलन तेज, किसान सभा ने हड़ताली वकीलों और दस्तावेज लेखकों को दिया समर्थन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (30/06/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित रजिस्टार कार्यालय में चल रहे वकीलों और दस्तावेज लेखकों के आंदोलन को अब किसान संगठनों का भी समर्थन मिलने लगा है। अखिल भारतीय किसान सभा ने सोमवार को रजिस्टार कार्यालय पहुंचकर हड़ताल पर बैठे अधिवक्ताओं एवं दस्तावेज लेखकों के प्रति अपना समर्थन जताया और सरकार से पुरानी रजिस्ट्री व्यवस्था को तत्काल बहाल करने की मांग की।
किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा के नेतृत्व में संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल रजिस्टार कार्यालय पहुंचा, जहां उन्होंने आंदोलनरत वकीलों और दस्तावेज लेखकों से मुलाकात कर उनकी मांगों को जायज बताया। इस दौरान किसान सभा के जिला महासचिव संदीप भाटी, अमित नागर, इमलिया, सोहन पाल यादव, बुधपाल यादव, सुरेंद्र भाटी, कोषाध्यक्ष नितिन चौहान सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आंदोलन को संबोधित करते हुए डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि वर्तमान में सरकार विभिन्न पारंपरिक सेवाओं और रोजगारों को निजी संस्थाओं के माध्यम से संचालित करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है, जिससे असंगठित क्षेत्र में कार्यरत हजारों लोगों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री व्यवस्था में किए गए बदलावों से दस्तावेज लेखकों और अधिवक्ताओं के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि पुरानी रजिस्ट्री व्यवस्था को पुनः लागू किया जाए, ताकि वर्षों से इस कार्य से जुड़े हजारों लोगों का रोजगार सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि किसान सभा इस मुद्दे को केवल वकीलों का नहीं, बल्कि रोजगार और आजीविका से जुड़े व्यापक जनहित का विषय मानती है और आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देती है। जिला महासचिव संदीप भाटी ने कहा कि किसान सभा आंदोलनरत वकीलों एवं दस्तावेज लेखकों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि यदि आंदोलन आगे बढ़ता है तो संगठन हर चरण में सक्रिय सहयोग करेगा और जरूरत पड़ने पर व्यापक स्तर पर भी समर्थन दिया जाएगा।
किसान सभा ने सरकार से मांग की कि रोजगार को प्रभावित करने वाले निर्णयों पर पुनर्विचार किया जाए। साथ ही संबंधित पक्षों के साथ संवाद स्थापित कर ऐसा व्यावहारिक समाधान निकाला जाए, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था भी सुचारु रूप से संचालित हो और वर्षों से इस पेशे से जुड़े लोगों की आजीविका भी सुरक्षित बनी रहे। इस दौरान किसान सभा के प्रतिनिधियों ने आंदोलनरत वकीलों और दस्तावेज लेखकों को भरोसा दिलाया कि उनके अधिकारों और रोजगार की रक्षा के लिए संगठन भविष्य में भी उनके साथ खड़ा रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।