MSX मॉल में अवैध पार्किंग और सुरक्षा खामियों पर फूटा शॉप ओनर्स का गुस्सा

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (26/06/2026): ग्रेटर नोएडा के साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र स्थित एमएसएक्स (MSX) मॉल में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। (MSX) एमएसएक्स मॉल शॉप ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रशासन और संबंधित विभागों को पत्र भेजकर मॉल परिसर में व्याप्त कई गंभीर सुरक्षा खामियों की ओर ध्यान आकर्षित कराया है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन कमियों को दूर नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में एसोसिएशन के अध्यक्ष राम प्रताप पाठक ने बताया कि मॉल परिसर के बाहर खुले क्षेत्र में बड़ी संख्या में वाहन अनधिकृत रूप से पार्क किए जा रहे हैं। यह स्थान उच्च वोल्टेज बिजली लाइनों के नीचे स्थित है, जिससे आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति में जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने हाल ही में लखनऊ में हुई अग्निकांड की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से सबक लेते हुए तत्काल प्रभाव से इस अवैध पार्किंग को हटाया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर वाहन खड़े किए जा रहे हैं, वहां अग्निशमन व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है। उस क्षेत्र तक फायर लाइन नहीं बिछाई गई है, जिससे किसी भी आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हो सकता है। राम प्रताप पाठक ने यह भी आरोप लगाया कि मॉल प्रबंधन ने स्वीकृत भवन योजना के अनुरूप बेसमेंट में लगभग 700 वाहनों की पार्किंग और मैकेनिकल पार्किंग सिस्टम विकसित करने का वादा किया था, लेकिन आज तक इस व्यवस्था को लागू नहीं किया गया। इसके कारण वाहन खुले क्षेत्रों में खड़े किए जा रहे हैं, जिससे सुरक्षा संबंधी जोखिम लगातार बढ़ रहा है।

एसोसिएशन ने मॉल परिसर में अन्य गंभीर खामियों की भी ओर इशारा किया है। पत्र के अनुसार जनरेटर क्षेत्र के समीप दीवार के किनारे खुले बिजली के तार पड़े हुए हैं, जो कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। इसके अलावा ग्राउंड फ्लोर की खुली जगहों पर कबाड़ और कचरे के ढेर जमा हैं, जिससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा है बल्कि आग लगने जैसी घटनाओं की संभावना भी बढ़ गई है।

एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि मॉल परिसर का तत्काल निरीक्षण कर अवैध पार्किंग हटाने, स्वीकृत योजना के अनुरूप बेसमेंट पार्किंग शुरू कराने, खुले बिजली के तारों को सुरक्षित करने तथा परिसर में पड़े कबाड़ और कचरे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही, शिकायत के समर्थन में फोटो और वीडियो भी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए हैं ताकि मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।