GIMS के आउटसोर्स कर्मचारियों के समर्थन में उतरा सीटू, प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (25/06/2026): सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू), गौतमबुद्ध नगर ने ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS) में धरने पर बैठे आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज, महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की घटना की कड़ी निंदा की है। संगठन ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और श्रमिक हितों पर हमला बताते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग की है।

सीटू जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि GIMS के लगभग 700 आउटसोर्स कर्मचारी, जो अस्पताल के कुल स्टाफ का करीब 80 प्रतिशत हैं, 15 जून 2026 से नियमितीकरण और वेतन वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण हड़ताल पर बैठे हुए हैं। संगठन का आरोप है कि 24 जून की रात कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच वार्ता विफल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की।

सीटू द्वारा जारी बयान में दावा किया गया है कि रात करीब 8 बजे संस्थान का मुख्य गेट बंद कर दिया गया, सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए और बिजली आपूर्ति भी बाधित कर दी गई। इसके बाद बड़ी संख्या में पहुंची पुलिस ने धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों को हटाने की कार्रवाई की। कर्मचारियों का आरोप है कि इस दौरान लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई कर्मचारी घायल हुए तथा कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

सीटू जिला सचिव ज्ञानेश्वर दत्त ने टेन न्यूज नेटवर्क से टेलीफोन पर बातचीत में कहा कि कोविड काल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह घटना लोकतांत्रिक मूल्यों और श्रमिक अधिकारों के विरुद्ध है।

धरने पर बैठे कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सेवा अवधि और अनुभव को देखते हुए स्थायी नियुक्ति, 60 वर्ष की आयु तक संविदा पर समायोजन, समान कार्य के लिए समान वेतन, रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया रोकना, भर्ती एवं प्रशासनिक निर्णयों की जांच, कर्मचारियों के उत्पीड़न पर रोक तथा मांगें पूरी न होने की स्थिति में निदेशक की नैतिक जिम्मेदारी तय करने जैसी मांगें शामिल हैं।

सीटू ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए, दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, घायल कर्मचारियों को उचित उपचार और मुआवजा दिया जाए तथा कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लिया जाए। संगठन ने यह भी मांग की है कि जिम्स प्रबंधन कर्मचारियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान निकाले।

सीटू ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो जिले भर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा जिला मुख्यालय पर व्यापक प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।