दहेज की मांग बनी मौत की वजह? नवविवाहता निशा की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (22/06/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र स्थित राजपुर कला गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मेरठ जनपद के रोहटा थाना क्षेत्र स्थित किनौनी गांव निवासी 22 वर्षीय निशा का विवाह करीब आठ माह पूर्व राजपुर कला निवासी पवन के साथ हुआ था। मृतका के भाई आनंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी के समय उनकी क्षमता के अनुसार पर्याप्त दान-दहेज दिया गया था, लेकिन विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने स्कॉर्पियो वाहन और 10 लाख रुपये नकद की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी।

परिजनों का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर निशा को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। कई बार दोनों परिवारों के बीच बातचीत कर मामला सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कथित तौर पर ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला।मृतका के भाई के अनुसार 10 जून को उनकी मां ब्रह्मवती उर्फ मुन्नी भी निशा के ससुराल पहुंची थीं और परिवार को समझाने का प्रयास किया था। इसके बावजूद दहेज की मांग और उत्पीड़न का सिलसिला जारी रहा।

परिजनों का दावा है कि घटना वाले दिन सुबह निशा ने अपने भाई को फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष उसके खिलाफ किसी बड़ी साजिश की तैयारी कर रहा है और उसे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। आनंद ने टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में बताया कि इसके कुछ समय बाद उसके बहनोई पवन का फोन आया, जिसने कथित रूप से कहा कि “तेरी बहन को मारकर तेरे पिता के पास भेज दिया है” और फोन काट दिया। इस सूचना के बाद परिवार के लोग तत्काल राजपुर कला पहुंचे, जहां निशा मृत अवस्था में मिली।

मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर निशा की हत्या की गई और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष के चार सदस्यों को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पति पवन, जेठ भीम सिंह, जेठानी पिंकी तथा पंकज के खिलाफ दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

दनकौर थाना प्रभारी ने टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।