मोबाइल चोरी गैंग का बड़ा भंडाफोड़: पिकअप से मिले 100 नए स्मार्टफोन, तीन गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (22/06/2026): गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने मोबाइल चोरी और अवैध बिक्री के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य के 100 नए स्मार्टफोन बरामद किए हैं। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के मोबाइल, फर्जी नंबर प्लेट लगी महिंद्रा पिकअप और दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी संख्या में चोरी के मोबाइल फोन लेकर उन्हें राजधानी क्षेत्र में बेचने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने सेक्टर-153 क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक महिंद्रा पिकअप को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में पैक्ड स्मार्टफोन बरामद हुए।
जांच में सामने आया कि बरामद सभी मोबाइल IQOO कंपनी के हैं और पूरी तरह नए एवं डिब्बाबंद थे। पुलिस ने मौके से आनंद उर्फ रुद्रेश, पंकज उर्फ धीरेंद्र और मोहित पुंडीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें मोबाइल फोन एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से उपलब्ध कराए गए थे। उनका उद्देश्य इन मोबाइलों को दिल्ली और आसपास के बाजारों में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाना था। पुलिस का मानना है कि यह केवल चोरी के मोबाइलों की खरीद-फरोख्त का मामला नहीं बल्कि एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, मोबाइल उपलब्ध कराने वाला मुख्य सप्लायर अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में विशेष टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जिस महिंद्रा पिकअप से मोबाइल बरामद किए गए, उस पर फर्जी पंजीकरण नंबर लगाया गया था। आशंका है कि आरोपी पुलिस और जांच एजेंसियों की निगाह से बचने के लिए वाहन की पहचान छिपाकर माल की ढुलाई कर रहे थे। वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों में आनंद उर्फ रुद्रेश और मोहित पुंडीर के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद किया गया। इसके आधार पर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में अतिरिक्त कार्रवाई भी की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आनंद उर्फ रुद्रेश के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में माल गबन तथा आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं। वहीं मोहित पुंडीर पर भी पूर्व में चोरी और अवैध संपत्ति से संबंधित मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और पुराने संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि, थाना नॉलेज पार्क पुलिस को मिली सटीक सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। बरामदगी के स्रोत, सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मोबाइल फोन किस स्थान से चोरी हुए थे और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं, इसकी जांच जारी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे रैकेट से जुड़े कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।