Noida News (22/06/2026): दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र (DNGIR), यानी प्रस्तावित न्यू नोएडा को आधुनिक और सुनियोजित शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नोएडा प्राधिकरण ने 80 गांवों का जीआईएस (Geographic Information System) आधारित डिजिटल मैप तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए विभिन्न सरकारी विभागों और संबंधित प्राधिकरणों से भू-स्थानिक (Geospatial) जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि क्षेत्र की वास्तविक भौगोलिक स्थिति का विस्तृत डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा सके।
इस डिजिटल मैप में नदियां, नहरें, तालाब, मुख्य एवं संपर्क मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा अन्य प्राकृतिक एवं आधारभूत संसाधनों का विस्तृत विवरण शामिल किया जाएगा। बुलंदशहर और ग्रेटर नोएडा के अंतर्गत आने वाले 80 गांवों से जुटाए जाने वाले इस डेटा के आधार पर जल स्रोतों, परिवहन नेटवर्क और भूमि की वर्तमान स्थिति का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। यही जानकारी भविष्य में न्यू नोएडा की विकास योजना का आधार बनेगी।
न्यू नोएडा का मास्टर प्लान लगभग 209.11 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के लिए तैयार किया गया है, जिसे चार चरणों में विकसित किया जाएगा। पहले चरण में वर्ष 2023 से 2027 के बीच लगभग 3,165 हेक्टेयर क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इसके बाद दूसरे, तीसरे और चौथे चरण में क्रमशः 3,798 हेक्टेयर, 5,508 हेक्टेयर और 8,230 हेक्टेयर भूमि पर विकास कार्य प्रस्तावित हैं। प्राधिकरण अब पहले चरण के कार्यों को गति देने की तैयारी में जुट गया है।
भूमि अधिग्रहण किसानों की सहमति के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए यमुना प्राधिकरण की तर्ज पर मुआवजा नीति लागू की गई है। जिन किसानों को विकसित भूखंड नहीं चाहिए, उन्हें 4,300 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से मुआवजा दिया जाएगा, जबकि 7 प्रतिशत विकसित भूखंड का विकल्प चुनने वाले किसानों को 3,800 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से मुआवजा मिलेगा।
प्राधिकरण के अधिकारियों का मानना है कि जीआईएस आधारित डिजिटल मैप तैयार होने के बाद आवासीय, औद्योगिक और संस्थागत क्षेत्रों की अधिक वैज्ञानिक एवं बेहतर योजना बनाई जा सकेगी। साथ ही जल निकायों के संरक्षण, आधुनिक सड़क नेटवर्क के विकास और आधारभूत सुविधाओं के सुव्यवस्थित विस्तार में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।