जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से इंडिया एक्सपो सेंटर बनेगा वैश्विक आयोजनों का प्रमुख केंद्र
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (15/06/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) से वाणिज्यिक उड़ानों (Commercial flights) के संचालन की शुरुआत ने ग्रेटर नोएडा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक एवं व्यापारिक परिदृश्य को नई दिशा देने का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को क्षेत्र के व्यापार, उद्योग, निवेश और अंतरराष्ट्रीय संपर्क के लिए एक महत्वपूर्ण परिवर्तनकारी कदम माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि एयरपोर्ट के संचालन से ग्रेटर नोएडा स्थित भारत एक्सपो सेंटर एंड मार्ट (India Expo Centre and Mart) की वैश्विक पहुंच में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, निवेशकों, प्रदर्शकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के लिए इस क्षेत्र तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक सरल और सुविधाजनक हो जाएगी।
निर्यातोन्मुख उद्योगों को मिलेगा बड़ा लाभ
जेवर एयरपोर्ट आधुनिक कार्गो और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं से सुसज्जित है, जिसका सीधा लाभ हस्तशिल्प (Handicraft), वस्त्र (Clothes), चमड़ा (Leather), फुटवियर (Footwear), फार्मास्यूटिकल्स (Pharmaceutical), इंजीनियरिंग और विनिर्माण जैसे निर्यात आधारित उद्योगों को मिलेगा। तेज और किफायती माल परिवहन व्यवस्था के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजारों (International Markets) तक पहुंच आसान होगी, जिससे निर्यात गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
देश के प्रमुख व्यावसायिक शहरों से मजबूत होगा संपर्क
एयरपोर्ट के संचालन से ग्रेटर नोएडा की कनेक्टिविटी देश के प्रमुख व्यापारिक और औद्योगिक केंद्रों से और मजबूत होगी। मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, जयपुर, जोधपुर, अमृतसर और चंडीगढ़ जैसे शहरों के लिए उड़ान सेवाएं क्षेत्र के व्यापारिक समुदाय को नई सुविधाएं प्रदान करेंगी। भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार के साथ यह एयरपोर्ट वैश्विक बाजारों तक सीधी पहुंच का माध्यम भी बनेगा।
भारत एक्सपो सेंटर को मिलेगा नया वैश्विक आयाम
भारत एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन ग्रेटर नोएडा को वैश्विक व्यापार और उद्योग के मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि इससे भारत एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में विदेशी प्रतिभागियों की भागीदारी बढ़ेगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल परिवहन अवसंरचना का विस्तार नहीं है, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक विकास, निर्यात संवर्धन और भारत की वैश्विक व्यापारिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

एमआईसीई (MICE) सेक्टर को मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन
भारत एक्सपो सेंटर एंड मार्ट देश के प्रमुख एमआईसीई (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंस एंड एग्जीबिशन) Meetings, Incentives, Conferences and Exhibitions (MICE) केंद्रों में शामिल है। वर्षों से यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनियां, सम्मेलन, व्यापार मेले, बी2बी बैठकें और उद्योग संबंधी कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। एयरपोर्ट की निकटता के कारण अब इन आयोजनों में देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों के लिए यात्रा और अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
व्यापार विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर हवाई संपर्क के चलते ग्रेटर नोएडा वैश्विक व्यापारिक आयोजनों और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में उभर सकता है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, होटल उद्योग, परिवहन सेवाओं और रोजगार के अवसरों में भी सकारात्मक वृद्धि होगी।
आर्थिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार
विश्वस्तरीय एयरपोर्ट, आधुनिक प्रदर्शनी अवसंरचना और सुदृढ़ परिवहन नेटवर्क का यह संगम ग्रेटर नोएडा को उत्तर भारत के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही यह भारत को वैश्विक आर्थिक शक्ति बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य को भी मजबूती प्रदान करेगा।
भारत एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना के सफल क्रियान्वयन पर भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और सभी संबंधित संस्थाओं को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि यह नया हवाई द्वार व्यापार, उद्योग और निवेश के क्षेत्र में विकास के नए अध्याय लिखेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।