नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से व्यापार, निवेश और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
Lucknow News (15/06/2026): उत्तर प्रदेश के विकास की यात्रा में सोमवार को एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया, जब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) से वाणिज्यिक उड़ानों (Commercial flights) का विधिवत संचालन शुरू हो गया। इंडिगो की उद्घाटन उड़ान लखनऊ से जेवर पहुंची, जिसका पारंपरिक स्वागत किया गया। इसके बाद एयरपोर्ट से पहली वाणिज्यिक उड़ान बेंगलुरु के लिए रवाना हुई।
जेवर एयरपोर्ट का संचालन केवल एक नए हवाई अड्डे की शुरुआत भर नहीं है, बल्कि यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और वैश्विक अर्थव्यवस्था से सीधे जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकसित यह परियोजना प्रदेश के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेगी।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश को मिलेगा वैश्विक कनेक्टिविटी का लाभ
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR), पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के लाखों यात्रियों को अब बेहतर और सुविधाजनक हवाई संपर्क उपलब्ध होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि एयरपोर्ट के संचालन से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, निर्यात और निवेश गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के हजारों नए अवसर भी सृजित होंगे।
एयरपोर्ट के प्रथम चरण को प्रतिवर्ष 1.2 करोड़ यात्रियों की सेवा क्षमता के साथ विकसित किया गया है। आगामी वर्षों में इसके विस्तार की योजना है, जिसके तहत इसकी वार्षिक क्षमता बढ़ाकर 7 करोड़ से अधिक यात्रियों तक पहुंचाई जाएगी। यह लक्ष्य इसे देश के सबसे बड़े और व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल करेगा।
अत्याधुनिक तकनीक से लैस है एयरपोर्ट
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को विश्वस्तरीय सुविधाओं और आधुनिक तकनीक के साथ तैयार किया गया है। यात्रियों को तेज, सहज और डिजिटल अनुभव देने के लिए यहां सेल्फ चेक-इन, सेल्फ बैगेज ड्रॉप, स्मार्ट सुरक्षा प्रणाली और डिजिटल ट्रैवल प्रोसेस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
एयरपोर्ट का टर्मिनल भवन आधुनिकता और भारतीय संस्कृति का सुंदर संगम प्रस्तुत करता है। इसकी वास्तुकला में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई देती है। वाराणसी के घाटों से प्रेरित डिजाइन, जालीदार संरचनाएं, स्थानीय कला एवं प्राकृतिक प्रकाश का उपयोग यात्रियों को एक विशिष्ट अनुभव प्रदान करेगा।

सड़क और सार्वजनिक परिवहन से भी बेहतर जुड़ाव
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट को विभिन्न परिवहन सेवाओं से जोड़ा गया है। यहां एयरपोर्ट टैक्सी, ऐप आधारित कैब सेवाएं तथा दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के विभिन्न शहरों के लिए बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत के साथ यह एयरपोर्ट वैश्विक यात्रियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार के रूप में उभरेगा।
निर्यात और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को मिलेगा बड़ा लाभ
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देने में भी अहम भूमिका निभाएगा। एयर इंडिया सैट्स द्वारा विकसित आधुनिक कार्गो टर्मिनल शुरुआती चरण में प्रतिवर्ष लगभग दो लाख मीट्रिक टन माल ढुलाई की क्षमता रखता है। भविष्य में इसे बढ़ाकर 15 लाख मीट्रिक टन तक करने की योजना है।
इससे ई-कॉमर्स उद्योग (E- Commerce), कृषि उत्पादों के निर्यात (Export of agricultural products), एमएसएमई सेक्टर (MSME Sector) और औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखला को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के निर्यातकों को अपने उत्पाद वैश्विक बाजारों तक तेजी से पहुंचाने का अवसर प्राप्त होगा।
उत्तर प्रदेश को नई आर्थिक ऊंचाइयों तक ले जाएगा एयरपोर्ट
राज्य सरकार का मानना है कि एक्सप्रेसवे नेटवर्क (Expressway Network), डिफेंस कॉरिडोर (Defence Corridor), औद्योगिक कॉरिडोर (Industrial Corridor) और निवेश अनुकूल नीतियों के साथ जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा। यह परियोजना प्रदेश को निवेश और औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नागरिक उड्डयन मंत्री ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन को देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट न केवल हवाई संपर्क को मजबूत करेगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन, निवेश और रोजगार के अवसरों में भी व्यापक वृद्धि करेगा।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक डिजिटल सेवाएं और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा विकसित किया गया है। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए मानक स्थापित करते हुए ‘उत्तम प्रदेश’ बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।