काठमांडू में भारत का परचम: सगरमाथा कप में भारत विजेता, ग्रेटर नोएडा की बेटियों ने जीते गोल्ड
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (15/06/2026): नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय नाच घर में आयोजित दो दिवसीय ‘सगरमाथा कप नेपाल-भारत डांस स्पोर्ट्स एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स चैंपियनशिप 2026’ का भव्य समापन हुआ। 6 और 7 जून को आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत और नेपाल के प्रतिभागियों ने कला, संस्कृति और खेल प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में पदक तालिका के आधार पर भारत ने सर्वाधिक स्वर्ण और रजत पदक जीतकर प्रतिष्ठित सगरमाथा कप अपने नाम किया। वहीं मेजबान नेपाल की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपविजेता (फर्स्ट रनर-अप) ट्रॉफी हासिल की
कला, संस्कृति और प्रतिभा का अंतरराष्ट्रीय मंच
चैंपियनशिप में भारत से लगभग 80 तथा नेपाल से 60 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दो दिनों तक चले इस आयोजन में नृत्य, गायन, कविता पाठ, बांसुरी वादन और ट्रू वॉरियर मॉडलिंग सहित विभिन्न विधाओं में कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दोनों देशों के प्रतिभागियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रस्तुति देकर दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया।

अनुभवी निर्णायकों ने किया प्रतिभाओं का मूल्यांकन
प्रतियोगिता के निष्पक्ष और उच्चस्तरीय मूल्यांकन के लिए भारत और नेपाल के प्रतिष्ठित कला विशेषज्ञों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया था। भारत की ओर से वेस्टर्न डांस विशेषज्ञ प्रकाश माली, प्रकाश सिन्हा तथा कथक विशेषज्ञ मोनिका श्रीवास्तव ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं नेपाल से कृष्ण महर्जन और मेरीना महर्जन ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
प्रभावशाली एंकरिंग ने बांधे रखा समां
पूरे कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया। भारत की ओर से वर्ल्ड स्पोर्ट्स परफॉर्मिंग आर्ट्स एजुकेशनल की एडमिनिस्ट्रेटर मंदीप कौर तथा नेपाल की ओर से परफॉर्मिंग आर्ट्स एसोसिएशन नेपाल की सदस्य निकी देशार बज्राचार्य ने प्रभावशाली एंकरिंग कर दर्शकों को कार्यक्रम से जोड़े रखा।
आयोजकों की भूमिका रही महत्वपूर्ण
इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन परफॉर्मिंग आर्ट्स एसोसिएशन नेपाल और नेपाल डांस स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा किया गया, जो वर्ल्ड स्पोर्ट्स परफॉर्मिंग आर्ट्स एजुकेशनल से संबद्ध संस्थाएं हैं। आयोजन को सफल बनाने में परफॉर्मिंग आर्ट्स एसोसिएशन नेपाल के अध्यक्ष शशि कपाली, पूजा कपाली तथा नेपाल डांस स्पोर्ट्स एकेडमी के निदेशक राजू दर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है तथा भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती मिलती है। समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
गौतम बुद्ध नगर की बेटियों ने बढ़ाया देश का मान
गौतम बुद्ध नगर जिले की दो प्रतिभाशाली छात्राओं ने इस प्रतियोगिता में स्वर्णिम सफलता हासिल कर क्षेत्र और देश का गौरव बढ़ाया।
दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा की कक्षा 12 की छात्रा रिद्धिमा सिंह ने 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग की शास्त्रीय नृत्य श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया। वहीं ऐस्टर पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा की छात्रा वैष्णवी ने जूनियर वर्ग की ट्रेडिशनल डांस श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
दोनों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन आगामी दक्षिण एशियाई और एशियाई स्तर की डांस स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं के लिए किया गया है। चयन से संबंधित औपचारिक पत्र शीघ्र ही डांस स्पोर्ट्स एसोसिएशन भारत तथा परफॉर्मिंग आर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों को भेजे जाएंगे।
उत्तर प्रदेश डांस स्पोर्ट्स संघ के अधिकारियों मंदीप कौर और मोहन अरोरा ने दोनों विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए घोषणा की कि आगामी जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उनका विशेष सम्मान किया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।