पारदर्शी आरडब्ल्यूए चुनाव की ओर गामा-1, निर्वाचन कार्यक्रम घोषित

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (11/06/2026): ग्रेटर नोएडा के सेक्टर गामा-1 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के लंबे समय से प्रतीक्षित चुनावों का कार्यक्रम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया गया है। लगभग एक वर्ष के प्रयासों और विभिन्न स्तरों पर की गई मांगों के बाद निर्वाचन प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया है। निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदान की आवश्यकता पड़ने पर 5 जुलाई 2026 को कराया जाएगा, जबकि उसी दिन मतगणना भी संपन्न होगी।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 14 जून को चुनाव प्रक्रिया की औपचारिक घोषणा की जाएगी। इसके बाद 17 जून तक आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। नामांकन पत्रों का वितरण एवं नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 18 जून को निर्धारित की गई है। प्राप्त नामांकन पत्रों का प्रदर्शन 22 जून को किया जाएगा, जबकि 23 जून को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी।

निर्वाचन कार्यक्रम के तहत नामांकन पत्रों पर आपत्तियां 25 जून को दाखिल की जा सकेंगी तथा इनका निस्तारण 29 जून को किया जाएगा। नामांकन वापसी की प्रक्रिया 30 जून को संपन्न होगी। इसके बाद 4 जुलाई को अंतिम प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।

निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार मतदान (यदि आवश्यक हुआ) 5 जुलाई को दोपहर 2 बजे से मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया सेक्टर गामा-1 स्थित आरडब्ल्यूए कम्युनिटी सेंटर परिसर में संपन्न कराई जाएगी। निर्वाचन से संबंधित जानकारी, नामांकन पत्र प्राप्त करने एवं जमा करने की व्यवस्था भी यहीं की गई है। निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि विशेष परिस्थितियों में कार्यक्रम में आवश्यक संशोधन किया जा सकता है तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मामलों में निर्वाचन अधिकारी का निर्णय अंतिम और सर्वमान्य होगा।

इस बीच चुनाव की घोषणा के बाद सेक्टर के कई वरिष्ठ निवासियों एवं पूर्व पदाधिकारियों ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि लगभग एक वर्ष के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप चुनाव कार्यक्रम घोषित हो सका है। विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया कि कुछ असामाजिक तत्व चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने और चुनाव न होने देने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन अब पारदर्शी एवं निष्पक्ष चुनाव का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि अब सेक्टर में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई आरडब्ल्यूए का गठन होगा और पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। साथ ही सभी सेक्टरवासियों से चुनाव को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग की अपील की गई है।

इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष संजय भाटी, भगत सिंह नागर, हरिओम शर्मा, विपिन कुमार ठाकुर एडवोकेट, प्रमोद कुमार एडवोकेट, अनिल कुमार चौधरी तथा जयबीर पुनिया सहित अनेक गणमान्य निवासी उपस्थित रहे। उन्होंने चुनाव कार्यक्रम जारी होने पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे सेक्टर के हित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।