IEA प्रतिनिधिमंडल ने UPSIDA सीईओ से की मुलाकात, सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर सौंपा ज्ञापन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (31/05/2026): सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं औद्योगिक विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (IEA) का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से उनके क्षेत्रीय कार्यालय में मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को विस्तार से रखते हुए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की।
इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (IEA), सूरजपुर तथा क्षेत्र की समस्त औद्योगिक इकाइयों की ओर से आपको UPSIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का दायित्व संभालने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
IEA अध्यक्ष संजीव शर्मा ने जताया विश्वास, सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र के मुद्दे उठाए
IEA के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि UPSIDA के नेतृत्व में उद्योग-हितैषी प्रशासन, बेहतर आधारभूत संरचना तथा पारदर्शी एवं त्वरित सेवाओं के माध्यम से औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इसी विश्वास के साथ सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण विषयों को प्राधिकरण के संज्ञान में लाया जा रहा है, जिनका प्रत्यक्ष प्रभाव यहां कार्यरत हजारों उद्योगों एवं कर्मचारियों पर पड़ रहा है।
मुख्य समस्याएं
1. ड्रेनेज एवं सफाई व्यवस्था:
पिछले लगभग तीन महीनों से औद्योगिक क्षेत्र में नालियों की नियमित सफाई तथा सड़कों के किनारे झाड़ू एवं सफाई कार्य नहीं किया गया है। इसके परिणामस्वरूप अनेक स्थानों पर गंदगी, धूल तथा जल निकासी संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
2. स्ट्रीट लाइटों की खराब स्थिति:
क्षेत्र की अनेक स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब हैं अथवा पर्याप्त प्रकाश नहीं दे रही हैं। उद्योगों द्वारा शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद विभागीय स्तर पर अपेक्षित तत्परता से कार्रवाई नहीं हो रही है। सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन की दृष्टि से इस विषय पर विशेष ध्यान अपेक्षित है।
3. खार लोहिया ड्रेन पर पुल निर्माण:
साइट-B औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने हेतु खार ड्रेन पर पुल का निर्माण लंबे समय से उद्योगों की प्रमुख मांग रही है। इस परियोजना के पूर्ण होने से आवागमन सुगम होगा तथा औद्योगिक गतिविधियों को महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा।
4. पार्कों का रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण:
औद्योगिक क्षेत्र के अधिकांश पार्कों की स्थिति अत्यंत दयनीय है। हरित क्षेत्र के संरक्षण एवं क्षेत्र की समग्र छवि को बेहतर बनाने के लिए पार्कों के नियमित रखरखाव, वृक्षारोपण एवं सौंदर्यीकरण की आवश्यकता है।
5. डस्टबिन की स्थापना:
औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध नहीं हैं। स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक स्थानों पर डस्टबिन स्थापित किए जाने चाहिए।
6. किराया अनुमति (Rent Permission) का विकेंद्रीकरण:
उद्योगों को किराया अनुमति प्राप्त करने में अनावश्यक समय एवं प्रशासनिक विलंब का सामना करना पड़ता है। यह व्यवस्था क्षेत्रीय प्रबंधक (RM) कार्यालय स्तर पर अनुमोदित किए जाने से उद्योगों को बड़ी राहत मिलेगी तथा Ease of Doing Business को बढ़ावा मिलेगा।
7. Deemed Approval प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन:
विभिन्न अनुमतियों एवं स्वीकृतियों के मामलों में यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर विभाग द्वारा कोई आपत्ति नहीं दी जाती है, तो आवेदन को स्वतः स्वीकृत (Deemed Approved) माना जाना चाहिए। यदि कोई आपत्ति हो तो वह संबंधित नियम एवं प्रावधान का स्पष्ट उल्लेख करते हुए एक ही बार में दी जानी चाहिए। प्रत्येक स्तर पर नई-नई आपत्तियां लगाने की प्रक्रिया उद्योगों के लिए अनावश्यक कठिनाइयां उत्पन्न करती है।
8. मेंटेनेंस चार्ज जमा करने की प्रक्रिया का सरलीकरण:
मेंटेनेंस चार्ज जमा करने के लिए विभागीय सत्यापन की अनिवार्यता उद्योगों के लिए अतिरिक्त बाधा उत्पन्न करती है। इस प्रक्रिया को सरल बनाते हुए उद्योगों को बिना पूर्व सत्यापन के शुल्क जमा करने की सुविधा प्रदान की जानी चाहिए।
9. कंपनी के नाम या स्वामित्व में परिवर्तन की स्थिति में कार्यवाही क्षेत्रीय कार्यालय स्तर से ही की जाए, जिससे उद्यमियों के कार्य शीघ्रता से पूर्ण हो सकें।
IEA ने UPSIDA से शीघ्र कार्रवाई की मांग, उद्योग हित में पूर्ण सहयोग का दिया आश्वासन
महोदय, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उद्योगों को प्रोत्साहित करने तथा निवेश-अनुकूल वातावरण विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। IEA ने अपेक्षा व्यक्त की है कि उपरोक्त विषयों पर शीघ्र एवं सकारात्मक कार्रवाई से न केवल औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि UPSIDA के प्रति उद्योग जगत का विश्वास भी और अधिक सुदृढ़ होगा।
संगठन ने यह भी कहा कि वह UPSIDA के मार्गदर्शन एवं सहयोग की अपेक्षा करता है तथा विश्वास दिलाता है कि इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (IEA), सूरजपुर औद्योगिक विकास एवं जनहित से जुड़े प्रत्येक प्रयास में पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
आज IEA ने UPSIDA के क्षेत्रीय कार्यालय में मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मुलाकात की तथा उद्योगों से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। IEA की ओर से अध्यक्ष संजीव शर्मा, पी.एस. मुखर्जी, प्रमोद झा, हरबीर सिंह, महिपाल सिंह, अनूप सिंह, हरीश सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।