ननहक फाउंडेशन ने गलगोटिया यूनिवर्सिटी के 150 छात्रों को किया सम्मानित
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (31/05/2026): युवा शक्ति जब समाजसेवा से जुड़ती है, तो बदलाव की नई कहानियां जन्म लेती हैं। इसी भावना को साकार करते हुए NANHAK फाउंडेशन ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में Galgotias University के BBA विभाग के 150 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। पिछले चार सप्ताह से ये विद्यार्थी फाउंडेशन के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा प्रदान कर उनके भविष्य को संवारने का कार्य कर रहे थे। उनके इसी समर्पण, सेवा भावना और सामाजिक योगदान को सम्मानित करने के लिए यह विशेष समारोह आयोजित किया ।

कार्यक्रम का शुभारंभ NANHAK फाउंडेशन के बच्चों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। समारोह की सबसे भावुक और प्रेरणादायी झलक तब देखने को मिली, जब फाउंडेशन से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त कर आज प्रतिष्ठित विद्यालयों में अध्ययन कर रही दो बालिकाओं ने पूरे कार्यक्रम का आत्मविश्वास के साथ संचालन किया। इसके अलावा बच्चों ने देशभक्ति, भक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों पर पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।

NANHAK फाउंडेशन की फाउंडर प्रेसिडेंट साधना सिन्हा ने बताया कि Galgotias University के 150 छात्र-छात्राओं ने कम्युनिटी सर्विस कार्यक्रम के तहत एक महीने तक फाउंडेशन के बच्चों को पढ़ाने, उनका मार्गदर्शन करने और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करने का कार्य किया। उनकी सेवा अवधि पूर्ण होने पर संस्था की ओर से उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उन्होंने बताया कि Galgotias University और NANHAK फाउंडेशन के बीच हुए एमओयू (MoU) के तहत यह पहल शुरू की गई थी। इस दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने बच्चों को विभिन्न विषयों की शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और सीखने की नई ऊर्जा का संचार किया।

साधना सिन्हा ने कहा कि NANHAK फाउंडेशन का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज के उन बच्चों तक अवसर पहुंचाना है, जो संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि आसपास का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और इसी लक्ष्य के साथ फाउंडेशन निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में Galgotias University के विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। कई छात्रों ने बताया कि बच्चों के साथ बिताया गया समय उनके जीवन के सबसे यादगार अनुभवों में शामिल रहेगा। कुछ विद्यार्थियों ने आगे भी बच्चों की मदद करने और अपनी पॉकेट मनी से उनके लिए योगदान देने की इच्छा व्यक्त की।

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की निदेशिका कंचन कुमारी तथा टेन न्यूज नेटवर्क के संस्थापक गजानन माली ने NANHAK फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने भविष्य में भी संस्था को हर संभव सहयोग देने का भरोसा जताया।
कार्यक्रम में साधना सिन्हा, कंचन कुमारी, गजानन माली, आलोक सिंह, अनुराधा, रोहित प्रदर्शनी, आरती शर्मा, सौरभ सिंह तथा Galgotias University के छात्र-छात्राओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
यह समारोह केवल प्रमाण पत्र वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि युवा शक्ति, शिक्षा और समाजसेवा के संगम का एक प्रेरणादायी उत्सव बन गया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।