पारसौल में किसानों का हंगामा, कब्जा लेने पहुंची यमुना प्राधिकरण टीम बैरंग लौटी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (19 May 2026): ग्रेटर नोएडा के पारसौल गांव में मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की टीम अधिग्रहित भूमि पर कब्जा लेने के लिए मौके पर पहुंची। प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ जेसीबी मशीन भी लाई गई थी, लेकिन ग्रामीणों और किसानों के विरोध के चलते टीम को बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा।
बताया जा रहा है कि पारसौल गांव की जमीन को यमुना प्राधिकरण द्वारा पहले ही अधिग्रहित किया जा चुका है। इस भूमि पर भविष्य में सेक्टर-18 विकसित किए जाने की योजना है। हालांकि, किसानों का आरोप है कि भूमि अधिग्रहण के वर्षों बाद भी उन्हें पूरा मुआवजा नहीं मिला है। इसके अलावा आबादी निस्तारण, पुनर्वास और आवासीय भूखंड आवंटन जैसी कई समस्याएं अब भी लंबित हैं।
ग्रामीण किसान हरपाल, रामकुमार और अन्य लोगों ने कहा कि जब तक उनकी सभी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे अपनी जमीन पर किसी भी प्रकार का कब्जा नहीं होने देंगे। किसानों का कहना है कि प्रशासन केवल कागजी कार्रवाई पूरी कर अपने अधिकार जताने की कोशिश कर रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर प्रभावित परिवारों की समस्याएं अनसुलझी हैं।
मंगलवार को जैसे ही प्राधिकरण की टीम गांव में पहुंची, इसकी जानकारी तेजी से ग्रामीणों तक पहुंच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में किसान मौके पर इकट्ठा हो गए और जेसीबी मशीन के आगे खड़े होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने स्पष्ट कहा कि बिना वार्ता और समाधान के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य या कब्जा प्रक्रिया स्वीकार नहीं की जाएगी।
स्थिति को देखते हुए प्राधिकरण अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और किसानों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्राधिकरण कर्मचारियों से कहा कि पहले किसानों और संबंधित अधिकारियों के बीच बातचीत कराई जाए, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए। इसके बाद प्राधिकरण की टीम को वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो वे यमुना प्राधिकरण के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। किसानों का कहना है कि वे अपने अधिकारों और उचित मुआवजे के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।