Bharat Shiksha Expo 2026 का इंडिया एक्सपो मार्ट में भव्य शुभारंभ, शिक्षा, नवाचार और कौशल विकास का दिखा संगम

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (14/05/2026): इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आज भारत शिक्षा एक्सपो-2026 (Bharat Shiksha Expo) के तृतीय संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस मेगा शिक्षा एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम ने देशभर के शिक्षण संस्थानों, नीति निर्माताओं, शिक्षाविदों, उद्योग विशेषज्ञों, एडटेक कंपनियों, काउंसलरों और हजारों विद्यार्थियों को एक साझा मंच पर एकत्र किया। 14 से 16 मई तक आयोजित होने वाला यह एक्सपो विद्यार्थियों को भविष्य उन्मुख शिक्षा, कौशल विकास और करियर विकल्पों की बेहतर समझ प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

यह आयोजन इंडिया एक्सपो मार्ट द्वारा ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवाचार, सहयोग, कौशल विकास और शैक्षणिक संवाद के माध्यम से भारत की विकसित होती शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देना है।

उद्घाटन सत्र में आईपीएस पूर्व अधिकारी एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स फाउंडेशन के एडवाइजरी बोर्ड सदस्य अनिल प्रथम, फेडरेशन ऑफ एजुकेशन इन इंडिया (FOEII) के चेयरमैन डॉ. ज़हीर खान, नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NSDC) के सलाहकार डॉ. संदीप सिंह कौरा तथा इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुदीप सरकार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में अनिल प्रथम ने कहा कि आज के समय में युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग और कौशल आधारित शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने भारत शिक्षा एक्सपो-2026 की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन और विशेषज्ञों से संवाद का अवसर प्रदान करता है, जिससे वे अपने भविष्य और करियर से जुड़े बेहतर निर्णय ले सकते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में फॉरेंसिक साइंस, साइबर क्राइम, क्रिमिनोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और लेबोरेटरी साइंसेज़ जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं तथा विद्यार्थियों को इन उभरते क्षेत्रों के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कौशल आधारित शिक्षा और तकनीकी ज्ञान युवाओं के भविष्य को तय करेगा।

डॉ. ज़हीर खान ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं है, बल्कि भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने के लिए एक मजबूत कौशल आधारित शिक्षा प्रणाली विकसित करना है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का उल्लेख करते हुए समावेशी शिक्षा, सॉफ्ट स्किल्स, अनुप्रयुक्त शिक्षण और शिक्षा व उद्योग के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।

वहीं, डॉ. संदीप सिंह कौरा ने कहा कि भारत के भविष्य को आकार देने में स्किल बेस्ड एजुकेशन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि “डिग्री एक पासपोर्ट की तरह है, लेकिन कौशल वह वीज़ा है जो व्यक्ति को वास्तविक अवसरों और वैश्विक करियर तक पहुंचाता है।” उन्होंने भारत को दुनिया की स्किल कैपिटल बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

डॉ. राकेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भारत शिक्षा एक्सपो-2026 की सबसे बड़ी विशेषता शिक्षा जगत और उद्योग के बीच मजबूत साझेदारी है। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में क्षमता, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण करना भी है।

इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड के सीईओ सुदीप सरकार ने कहा कि भारत शिक्षा एक्सपो-2026 शिक्षा, तकनीक, नवाचार और करियर विकास का एक व्यापक मंच बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल संस्थानों और अवसरों को प्रदर्शित नहीं करता, बल्कि विद्यार्थियों को अनुभवात्मक शिक्षा का अवसर भी प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि एक्सपो में आयोजित हैकथॉन, क्रिएथॉन, वर्कशॉप्स, क्विज़, मास्टर क्लासेस और काउंसलिंग सेशंस विद्यार्थियों को नई तकनीकों, कौशलों और करियर संभावनाओं से परिचित कराएंगे।

एक्सपो में भारत और विदेशों के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, एडटेक कंपनियों, स्टडी-अब्रॉड कंसल्टेंट्स, स्किल डेवलपमेंट संगठनों और करियर काउंसलिंग संस्थाओं की भागीदारी देखने को मिल रही है। कार्यक्रम के दौरान हैकथॉन, क्विज प्रतियोगिताएं, AR/VR अनुभव, रोबोटिक्स वर्कशॉप्स, डिजाइन थिंकिंग सेशंस और इंटरएक्टिव लर्निंग एक्टिविटीज भी आयोजित की जा रही हैं।

तीन दिवसीय आयोजन के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत प्रिंसिपल्स कॉन्फ्रेंस और फेडरेशन ऑफ एजुकेशन इन इंडिया द्वारा आयोजित विश्व गुरु सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। इन मंचों पर शिक्षा परिवर्तन, फ्यूचर रेडी लर्निंग मॉडल्स, डिजिटल लाइब्रेरी, स्किल इंटीग्रेशन और वैश्विक ज्ञान अर्थव्यवस्था में भारत की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।

हाल ही में CBSE परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद इस एक्सपो का महत्व और बढ़ गया है। यह आयोजन विद्यार्थियों और अभिभावकों को शिक्षण संस्थानों, विशेषज्ञों और काउंसलरों से सीधे संवाद कर उच्च शिक्षा, करियर, उद्यमिता और वैश्विक अवसरों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है। भारत शिक्षा एक्सपो-2026 का आयोजन 16 मई 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में जारी रहेगा।

Bharat Shiksha Expo 2026 Grand Inauguration at India Expo Mart | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।