ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो की मांग तेज, ऑनलाइन अभियान को एक रात में मिले 1000 से अधिक समर्थन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (12/05/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लंबे समय से लंबित मेट्रो परियोजना को लेकर अब स्थानीय निवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। क्षेत्र के लोगों ने बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा की मांग को लेकर ऑनलाइन हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है, जिसे कुछ ही घंटों में जबरदस्त समर्थन मिला। गौतमबुद्ध नगर विकास समिति द्वारा शुरू की गई इस डिजिटल पिटीशन पर एक ही रात में 1000 से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर मेट्रो परियोजना को शीघ्र मंजूरी देने की मांग की है।
समिति की ओर से Change.org प्लेटफॉर्म पर यह पिटीशन लॉन्च की गई है। इसमें प्रधानमंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा संबंधित विभागों से ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को जल्द स्वीकृति देने और निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने की अपील की गई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण लोगों को रोजाना भारी ट्रैफिक जाम और लंबी यात्रा का सामना करना पड़ता है।
गौतमबुद्ध नगर विकास समिति की अध्यक्ष रश्मि पांडेय ने कहा कि सरकार लगातार लोगों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने और निजी वाहनों का उपयोग कम करने की सलाह देती है, लेकिन ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों के लिए अब तक मेट्रो सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है।
उन्होंने कहा कि, क्षेत्र के लोग प्रतिदिन दो से तीन घंटे ट्रैफिक में व्यतीत कर रहे हैं, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को देर रात यात्रा के दौरान सुरक्षा संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है। उनके अनुसार यह पिटीशन केवल एक ऑनलाइन अभियान नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी समस्याओं और नाराजगी की अभिव्यक्ति है।
समिति के सचिव अनूप सोनी और सदस्य हिमांशु ने कहा कि इतनी कम अवधि में बड़ी संख्या में मिले हस्ताक्षर यह साबित करते हैं कि मेट्रो की मांग अब जनआंदोलन का रूप ले रही है। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा नहीं, बल्कि आम नागरिकों की बुनियादी जरूरत से जुड़ा मुद्दा है।
उनके मुताबिक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोगों को रोजाना नौकरी, शिक्षा और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए दिल्ली, नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में आना-जाना पड़ता है, लेकिन बेहतर कनेक्टिविटी के अभाव में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
समिति ने प्रशासन और सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखी हैं—
1. ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो डीपीआर को तत्काल मंजूरी दी जाए
2. परियोजना के लिए समयबद्ध कार्ययोजना सार्वजनिक की जाए
3. मेट्रो निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए
स्थानीय लोगों का कहना है कि, मेट्रो परियोजना केवल परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्र के बेहतर भविष्य से जुड़ा विषय है। उनका मानना है कि मेट्रो शुरू होने से ट्रैफिक दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी और लाखों लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का विकल्प मिल सकेगा। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द इस परियोजना पर सकारात्मक निर्णय लेकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को राहत देगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।