दिल्ली में सियासी जंग तेज: अरविंद केजरीवाल को किसने दी बहस की चुनौती?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (30 जनवरी 2025): दिल्ली में विधानसभा चुनावों की सरगर्मियों के बीच कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को खुली बहस की चुनौती दी है। दीक्षित ने कहा कि अगर केजरीवाल में हिम्मत है, तो वे 31 जनवरी को दोपहर 2 बजे जंतर-मंतर पर उनसे आमने-सामने बहस करें।

ओपन चैलेंज: ‘आइए, अगर हिम्मत है’

पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर यह चुनौती दी। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल जनता से झूठे वादे कर रहे हैं और उन्होंने बीते 10 सालों में उन सबूतों को भी जनता के सामने नहीं रखा, जिनका हवाला देकर उन्होंने शीला दीक्षित की सरकार को घेरा था।

अपने ओपन लेटर में संदीप दीक्षित ने कहा, “मैं आपको जनता के बीच खुली बहस के लिए आमंत्रित करता हूं। मैं वहां आपका इंतजार करूंगा। अगर आपके पास तथ्यों और आंकड़ों के साथ मेरे सवालों के जवाब हैं, तो आइए और बहस कीजिए। बहस का एकमात्र नियम यह होगा कि हर दावा सिर्फ तथ्यों पर आधारित हो।”

‘सच का सामना होगा’

दीक्षित ने अपने पोस्ट में लिखा
“अब होगा सच का सामना! अरविंद केजरीवाल, हिम्मत है तो मिलते हैं 31 तारीख को दोपहर 2 बजे जंतर-मंतर पर। इंतजार करूंगा।”

वीडियो में उन्होंने साफ कहा कि वे इस बहस के दौरान केजरीवाल से यह पूछेंगे कि उन्होंने 10 साल पहले शीला दीक्षित और उनके खिलाफ जो आरोप लगाए थे, उनके क्या सबूत हैं? उन्होंने AAP सरकार पर दिल्ली की जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया।

नई दिल्ली सीट पर टक्कर तेज

यह चुनौती ऐसे समय में आई है जब नई दिल्ली विधानसभा सीट से केजरीवाल और संदीप दीक्षित आमने-सामने हैं। यह सीट पहले भी केजरीवाल के लिए चुनौतीपूर्ण रही है, लेकिन इस बार कांग्रेस पूरी ताकत से मैदान में उतर रही है।

अब देखने वाली बात होगी कि अरविंद केजरीवाल इस चुनौती को स्वीकार करते हैं या नहीं। क्या दिल्ली की जनता को इस बहस में सच्चाई और झूठ का फर्क समझने का मौका मिलेगा? यह 31 जनवरी को जंतर-मंतर पर तय होगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।