कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में जगमगाई दिल्ली की दिवाली, CM रेखा गुप्ता ने किया शुभारंभ

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (07 November 2026): दिल्ली में दीपावली के त्योहार को खास और यादगार बनाने के लिए कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में भव्य सार्वजनिक उत्सव ‘दिल्ली की दिवाली-सबसे निराली, मिलकर मनाने वाली’ का आयोजन किया गया। धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार, 6 नवंबर की शाम मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम को ‘जगमग दिवाली’ नाम दिया गया है, जिसमें राजधानी की सांस्कृतिक पहचान, सनातन परंपराओं और सामूहिक उत्सव की झलक देखने को मिली।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछले वर्ष कर्तव्य पथ पर दिल्ली ने भव्य दीपावली मनाई थी और इस बार कनॉट प्लेस में सनातन संस्कृति, आस्था और परंपराओं का अद्भुत उत्सव सजाया गया है। उन्होंने कहा कि सेंट्रल पार्क में महाआरती की गूंज, मेगा ड्रोन शो की भव्यता और भजनों पर झूमते युवाओं ने इस आयोजन को विशेष बना दिया है। यह केवल दीपों का उत्सव नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति का गौरव है। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को ‘क्लीन दिवाली, ग्रीन दिवाली’ की भावना से जोड़ते हुए कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी को विकास के नए रास्ते पर आगे ले जाने और दिल्लीवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

शुक्रवार रात कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण मेगा ड्रोन शो रहा, जिसमें आसमान में हजारों ड्रोन के माध्यम से प्रभु श्रीराम, मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की भव्य आकृतियां प्रदर्शित की गईं। इसके साथ ही विकसित भारत की तस्वीर भी आसमान में दिखाई गई, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। ड्रोन शो के बाद मां लक्ष्मी की महाआरती आयोजित की गई, जिसमें पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके बाद केशवम समूह ने ‘भजन क्लबिंग’ की प्रस्तुति दी। इसमें पारंपरिक भक्ति संगीत को आधुनिक संगीत के साथ जोड़कर प्रस्तुत किया गया, जिसमें युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार लगातार दूसरे वर्ष बड़े स्तर पर ‘दिल्ली की दिवाली’ का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि कनॉट प्लेस दिल्ली का दिल है और यहां दो दिवसीय दीपावली उत्सव आयोजित करने का उद्देश्य लोगों को एक साथ जोड़ना और त्योहार की खुशियां साझा करना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग अपने परिवारों के साथ इस आयोजन में शामिल होकर सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं का अनुभव कर सकें, इसी सोच के साथ कार्यक्रम तैयार किया गया है। पर्यटन मंत्री के मुताबिक, कनॉट प्लेस में बने नकारात्मक माहौल को सकारात्मकता और उत्सव के वातावरण में बदलना भी इस आयोजन का एक प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, कपिल मिश्रा, रविन्द्र इन्द्राज, विधायक अभय वर्मा, अनिल कुमार शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में दिल्लीवासी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से 6 और 7 नवंबर को सपरिवार सेंट्रल पार्क पहुंचकर उत्सव में शामिल होने की अपील की। शनिवार को कार्यक्रम के दूसरे दिन भी मेगा ड्रोन शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भजन क्लबिंग का आयोजन किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य इस उत्सव के माध्यम से तकनीक, भक्ति, संगीत और सामुदायिक सहभागिता को एक मंच पर लाकर दिल्ली की दिवाली को यादगार बनाना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।