दिल्ली की जनता AAP को सिखाएगी सबक, 5 फरवरी को बदलाव की बयार: पीएम मोदी | करतार नगर

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (29 जनवरी 2025): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करतार नगर में संकल्प रैली को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) पर जोरदार हमला बोला और दिल्ली की जनता से भाजपा को मौका देने की अपील की। उन्होंने कहा कि AAP-दा वाले अब इतनी बौखलाहट में हैं कि हरियाणा के लोगों पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने हरियाणा के नागरिकों पर यह कहकर घिनौना आरोप लगाया है कि वे दिल्ली के पानी में ज़हर मिलाते हैं। पीएम मोदी ने इस बयान को न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के नागरिकों और उनकी संस्कृतियों का अपमान बताया।

उन्होंने कहा, “भारत में पानी पिलाना धर्म माना जाता है, लेकिन AAP के लोग राजनीतिक स्वार्थ के लिए इतनी ओछी बातें कर रहे हैं। हरियाणा का भेजा पानी ही दिल्ली में हर कोई पीता है। क्या हरियाणा के लोग अपने ही बच्चों, परिवारों और रिश्तेदारों को ज़हर पिला सकते हैं?” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पिछले 11 सालों से प्रधानमंत्री भी यही पानी पी रहे हैं, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश, अधिकारी और सम्मानित नागरिक भी यही पानी पीते हैं।

AAP-दा वालों की लुटिया यमुना में डूबेगी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हार के डर से AAP वाले बौखला गए हैं और अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के नागरिकों ने तीन बार AAP पर भरोसा किया, लेकिन इन लोगों ने यमुना की सफाई के नाम पर सिर्फ वोट मांगे और अब यह कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं कि “यमुना वोट नहीं देती।” यह उनकी बेशर्मी, बेईमानी और बदनीयती दर्शाता है।

उन्होंने कहा, “AAP-दा वालों ने दिल्ली को पानी माफिया के भरोसे छोड़ दिया है। 25 साल तक कांग्रेस को मौका दिया, 11 साल AAP को मौका दिया, लेकिन दिल्ली की समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। इन दोनों दलों ने दिल्ली की दो-दो पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया है।”

दिल्ली को चाहिए विकास और टैंकर माफिया से मुक्ति

पीएम मोदी ने दिल्ली में जल संकट को लेकर भी AAP सरकार पर हमला बोला और कहा कि भाजपा ने दूर-दराज के गांवों में हर गरीब के घर तक नल से जल पहुंचाया है, लेकिन देश की राजधानी दिल्ली में साफ पानी तक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा, “अगर भाजपा दुर्गम गांवों में नल से जल पहुंचा सकती है, तो दिल्ली में भी हर घर को साफ पानी मुहैया करा सकती है।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली को ऐसी सरकार चाहिए जो टैंकर माफिया से मुक्ति दिलाए, गरीबों के लिए घर बनाए और दिल्ली को आधुनिक बनाए। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि इस बार भाजपा को मौका दें और दिल्ली की सेवा करने का अवसर दें।

“5 फरवरी आएगी, AAP-दा जाएगी, भाजपा आएगी”

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण के अंत में कहा कि 5 फरवरी को दिल्ली बदलाव के लिए वोट करेगी और AAP को सत्ता से बेदखल करेगी। उन्होंने कहा, “दिल्ली अब एक नई सरकार चाहती है, जो हर घर में नल से पानी पहुंचाए और जनता की असल समस्याओं को हल करे। 5 फरवरी को AAP-दा जाएगी और भाजपा आएगी।”

प्रधानमंत्री के इस संबोधन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी जोश देखा गया। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली की जनता इस बार बदलाव के लिए कितनी उत्साहित है और चुनावी नतीजे क्या संकेत देते हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।