ड्यूटी के दौरान घायल दिल्ली पुलिसकर्मियों को मिलेगी आर्थिक मदद, जाने क्या है नया नियम

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (06 November 2026): दिल्ली (Delhi) में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान घायल होने वाले पुलिसकर्मियों के लिए दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने ड्यूटी के दौरान गंभीर रूप से घायल होने वाले जवानों को 25 हजार रुपये और अन्य गंभीर चोटों से पीड़ित पुलिसकर्मियों को 15 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की मंजूरी दी है। यह सहायता दिल्ली पुलिस वेलफेयर सोसायटी फंड से उपलब्ध कराई जाएगी। इस फैसले का उद्देश्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए घायल होने वाले पुलिसकर्मियों को आर्थिक राहत देना है।

दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त एवं जनसंपर्क अधिकारी राजीव रंजन ने शुक्रवार, 6 नवंबर को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के दौरान अलग-अलग कानून-व्यवस्था संबंधी ड्यूटी निभाते समय 250 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इन जवानों ने विभिन्न परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पुलिस आयुक्त ने उनके समर्पण और सेवाभाव को देखते हुए आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है।

दिल्ली पुलिस ने विशेष परिस्थितियों में निर्धारित सहायता राशि से अधिक आर्थिक मदद देने का विकल्प भी रखा है। इसके तहत संबंधित जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) जरूरत और पात्रता के आधार पर अतिरिक्त सहायता का प्रस्ताव भेज सकेंगे। ऐसे प्रस्तावों पर विचार करने के बाद योग्य पुलिसकर्मियों को निर्धारित राशि से अधिक आर्थिक मदद दी जा सकेगी। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने वर्ष 2023 में ड्यूटी के दौरान घायल होने वाले जवानों के सम्मान के लिए ‘आहत वीर सम्मान पत्र’ की शुरुआत की थी। इसके तहत दंगों, विरोध प्रदर्शनों को नियंत्रित करने और अपराधियों को पकड़ने के दौरान घायल होने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाता है।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि जवानों और उनके परिवारों का कल्याण उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस की वेलफेयर यूनिट लगातार इस दिशा में काम कर रही है, ताकि जरूरत के समय पुलिसकर्मियों को आर्थिक और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। नई व्यवस्था के तहत घायल जवानों को आर्थिक राहत देने के साथ उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को भी सम्मान दिया जाएगा। पुलिस विभाग का मानना है कि कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के दौरान कठिन परिस्थितियों का सामना करने वाले जवानों को समय पर सहयोग उपलब्ध कराना जरूरी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।