Noida वाटर पार्क में युवक की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में हुई मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (29/04/2026): नोएडा के सेक्टर-38ए स्थित एक वॉटर पार्क में मंगलवार को नहाने के दौरान एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों द्वारा तुरंत अस्पताल ले जाने के बावजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के पटेल न्यू टाउन निवासी 21 वर्षीय द्रोण शर्मा अपने परिवार के साथ वॉटर पार्क घूमने आए थे। दोपहर के समय वह अपने परिजनों के साथ पूल में नहा रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक असहज महसूस हुआ और वे पूल से बाहर आकर बैठ गए। परिवार के सदस्यों ने जब कारण पूछा तो उन्होंने तबीयत ठीक न होने की बात कही।

स्थिति बिगड़ने पर वॉटर पार्क के कर्मचारियों को सूचित किया गया, जिसके बाद स्टाफ और परिजन युवक को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी विनायक अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ला के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की मौत डूबने से नहीं हुई है, बल्कि नहाने के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने की वजह से घटना हुई। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे।
पुलिस टीम वॉटर पार्क परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके। साथ ही परिजनों और पार्क स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मृतक के परिवार की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

गौरतलब है कि इसी वॉटर पार्क में पहले भी इसी तरह का मामला सामने आ चुका है। वर्ष 2024 में दिल्ली निवासी एक युवक की नहाते समय तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी, जिसके बाद प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप भी लगे थे। इस घटना के बाद एक बार फिर वॉटर पार्क की सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य आपातकालीन तैयारियों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।