ग्रेटर नोएडा में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक-युवती के शव बरामद, लिव-इन में रह रहे थे दोनों
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (23 April 2026): ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित तुगलपुर गांव में एक किराए के मकान से युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे और आसपास के लोगों के बीच पति-पत्नी के रूप में परिचित थे।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब बुधवार देर रात मकान के आसपास रहने वाले लोगों को कमरे से तेज दुर्गंध महसूस हुई। संदेह होने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां का दृश्य चौंकाने वाला था।
कमरे के भीतर युवक का शव पंखे से लटका मिला, जबकि युवती का शव फर्श पर पड़ा हुआ था। शुरुआती जांच में पुलिस इसे हत्या के बाद आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है, हालांकि अन्य संभावनाओं को भी खारिज नहीं किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 30 वर्षीय गुड्डू पासवान उर्फ गोलू के रूप में हुई है, जबकि मृतका 24 वर्षीय ज्योति बताई जा रही है। दोनों पिछले लगभग तीन वर्षों से साथ रह रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में यह भी सामने आया है कि युवक के परिजनों को उसकी शादी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों को पिछले दो दिनों से नहीं देखा गया था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि घटना दो दिन पहले की हो सकती है। पड़ोसियों ने यह भी बताया कि आर्थिक तंगी को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। युवक के बेरोजगार होने और युवती के हाल ही में अपनी नौकरी छोड़ देने के बाद घर की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई थी, जिससे तनाव और बढ़ गया था।
बताया जा रहा है कि ज्योति एक निजी अस्पताल में हाउसकीपिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत थी, लेकिन पिछले करीब 20 दिनों से वह काम पर नहीं जा रही थी। इस कारण दोनों के बीच मतभेद और अधिक गहराते चले गए थे। घटना की पुष्टि करते हुए डीसीपी ग्रेटर नोएडा परवीन रंजन सिंह ने बताया कि 22 अप्रैल की रात पुलिस को आत्महत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि सुरेंद्र नगर स्थित मकान की तीसरी मंजिल पर यह घटना सामने आई, जहां युवक ने फांसी लगाई थी, जबकि युवती का शव जमीन पर मिला।
पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में स्पष्ट स्थिति सामने आ जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।