यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल कर्मचारियों से मारपीट, रॉन्ग साइड वाहनों को रोकना पड़ा भारी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (23 April 2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल कर्मियों के साथ हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। चपरगढ़ गांव के समीप स्थित रैंप पर गलत दिशा से आ रहे वाहनों को रोकना कर्मचारियों को महंगा पड़ गया। विरोध करने पर वाहन सवारों ने टोल स्टाफ पर हमला कर दिया, जिससे कई कर्मचारी घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात तीन अलग-अलग वाहनों में सवार कुछ लोग एक्सप्रेसवे पर रॉन्ग साइड से प्रवेश कर रहे थे। ड्यूटी पर तैनात टोल कर्मियों ने उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए रोका और सही दिशा में जाने की सलाह दी। इसी बात को लेकर वाहन सवार आक्रोशित हो गए और उन्होंने कर्मचारियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी।

आरोप है कि कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर टोल कर्मियों के साथ हाथापाई कर दी। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हमले में कई कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

टोल कर्मियों का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर रॉन्ग साइड से आने वाले वाहनों के कारण अक्सर गंभीर हादसों की आशंका बनी रहती है। ऐसे में नियमों का पालन कराना उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन इस तरह की घटनाएं उनकी सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं।

जेवर टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक संदेश कुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रबूपुरा निवासी शादाब खान को नामजद करते हुए दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।