ग्रेटर नोएडा में श्रमिकों का प्रदर्शन, पुलिस पर लाठीचार्ज और मारपीट के आरोप
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida News (14 अप्रैल 2026): गौतमबुद्ध नगर में इन दिनों श्रमिकों का आक्रोश चरम पर है। वेतन वृद्धि, ओवरटाइम भुगतान और फैक्ट्रियों में मानवीय व्यवहार की मांग को लेकर चल रहा प्रदर्शन सोमवार को अचानक उग्र और हिंसक हो गया। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक सड़कों पर उतर आए। इस दौरान कई जगहों पर पथराव की घटनाएं सामने आईं, वाहनों में आगजनी की गई और हालात तनावपूर्ण हो गए।
मंगलवार को भी स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी। ग्रेटर नोएडा के इंडस्ट्रियल एरिया में प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। श्रमिकों का कहना है कि पुलिस ने उनकी बात सुनने के बजाय बल प्रयोग किया और लाठीचार्ज किया।

टेन न्यूज़ नेटवर्क से बातचीत में एक महिला कर्मचारी रिया ने बताया कि वे अपनी समस्याओं का समाधान करवाने के लिए शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने महिलाओं पर भी लाठीचार्ज किया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर महिलाओं पर इस तरह बल प्रयोग क्यों किया गया। रिया के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पुलिस ने उनकी बात सुनने के बजाय कार्रवाई जारी रखी।
वहीं एक अन्य कर्मचारी ने कहा कि जब सुबह पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्हें उम्मीद थी कि अधिकारी उनकी समस्याएं सुनेंगे और समाधान निकालेंगे, लेकिन इसके उलट पुलिस ने सीधे लाठीचार्ज कर दिया। कर्मचारियों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान मौके पर कोई महिला कांस्टेबल मौजूद नहीं थी, जो कि नियमों के खिलाफ है।
श्रमिकों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि वे मेहनतकश लोग हैं और दिन-रात काम करते हैं, लेकिन उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप वेतन नहीं मिलता। उनका कहना है कि ओवरटाइम का भुगतान भी सही तरीके से नहीं किया जाता और फैक्ट्रियों में उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता है। उनका मुख्य मांग यही है कि उन्हें उनकी मेहनत के अनुसार उचित पारिश्रमिक मिले और कार्यस्थल पर सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
फिलहाल पूरे मामले में प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन श्रमिकों और पुलिस के बीच बढ़ता टकराव चिंता का विषय बना हुआ है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।