प्राचीन हीस बाबा मंदिर में बड़ी चोरी, ढाई क्विंटल पीतल के घंटे समेत कीमती सामान ले उड़े चोर

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (16/10/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के जुनेदपुर गांव स्थित प्राचीन हीस बाबा मंदिर में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गुरुवार देर रात मंदिर में घुसे अज्ञात चोर करीब ढाई क्विंटल वजन के पीतल के घंटे चोरी कर ले गए। इसके अलावा मंदिर से घी के कई टीन, इनवर्टर, बैटरी और अन्य कीमती सामान भी गायब मिला। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

रात 12 बजे हुई वारदात, सुबह छह बजे चला पता

जानकारी के मुताबिक, चोरी की घटना गुरुवार रात करीब 12 बजे हुई। शुक्रवार सुबह लगभग छह बजे ग्रामीणों को मंदिर से सामान गायब होने की जानकारी मिली। इसके बाद ग्रामीण मंदिर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। चोरी की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। ग्रामीणों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए चोरी हुए सामान की जल्द बरामदगी की मांग की है।

प्राचीन मंदिर को बनाया निशाना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

ग्रामीणों के अनुसार, हीस बाबा मंदिर काफी प्राचीन है और यहां प्रतिदिन दूर-दराज के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मंदिर में नियमित रूप से पुजारी की मौजूदगी नहीं रहती थी। ग्रामीणों का मानना है कि चोरों ने इसी स्थिति का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। मंदिर से इतनी बड़ी मात्रा में पीतल के घंटे चोरी होने से ग्रामीणों में चिंता और नाराजगी का माहौल है।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिस ने दो दिन के भीतर आरोपियों का पता लगाने की बात कही है।

ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और मंदिर से चोरी किए गए सभी सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।