GCET के MCA छात्र निशांत शाक्य के निधन पर शोक, संस्थान ने परिवार के प्रति जताई संवेदना

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (16 अक्टूबर 2026): ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटियास कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (GCET) के प्रथम वर्ष के MCA छात्र निशांत शाक्य के दुखद निधन से संस्थान में शोक की लहर है। कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कन्नौज निवासी निशांत शाक्य गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में कॉलेज परिसर से बाहर स्थित एक निजी हॉस्टल में मृत पाए गए। मामले की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने जारी किया आधिकारिक बयान

गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने इस मामले में बयान जारी कर बताया कि 15 अक्टूबर 2026 को थाना नॉलेज पार्क क्षेत्रांतर्गत स्थित एक हॉस्टल में करीब 21 वर्षीय छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन

GCET प्रबंधन ने अपने शोक संदेश में कहा कि यह संस्थान के लिए अत्यंत दुखद समय है। कॉलेज परिवार निशांत के परिजनों और उनके प्रियजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है। संस्थान ने यह भी कहा कि वह शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है और मामले से संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहा है।

विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर दिया जोर

संस्थान ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि GCET में काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य सहायता की व्यवस्था उपलब्ध है। कॉलेज ने सभी विद्यार्थियों और कर्मचारियों से अपील की कि यदि वे भावनात्मक तनाव, चिंता या किसी अन्य कठिन परिस्थिति का सामना कर रहे हैं, तो बिना किसी संकोच के सहायता प्राप्त करें।

संस्थान ने इस बात पर भी जोर दिया कि कठिन समय में मदद मांगना महत्वपूर्ण है और किसी को भी सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।

अफवाहों से बचने और निजता का सम्मान करने की अपील

GCET प्रबंधन ने सभी से शोकाकुल परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की है। साथ ही, घटना की परिस्थितियों को लेकर किसी भी प्रकार की अटकलें लगाने और अपुष्ट जानकारी प्रसारित करने से बचने का आग्रह किया है।

फिलहाल, पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। घटना से जुड़ी परिस्थितियों के संबंध में विस्तृत जानकारी और आधिकारिक जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।