‘काला दिवस’ पर गौतमबुद्ध नगर में मजदूरों का प्रदर्शन, श्रम संहिताओं के खिलाफ जताया विरोध
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (01/04/2026): केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और स्वतंत्र फेडरेशनों के संयुक्त आह्वान पर बुधवार को गौतम बुद्ध नगर जिले में मजदूर संगठनों ने ‘काला दिवस’ मनाते हुए केंद्र सरकार की चार नई श्रम संहिताओं के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों, कारखानों, निर्माण स्थलों और संस्थानों में काम करने वाले हजारों श्रमिकों ने काले बैज और काली पट्टी बांधकर काम किया तथा दोपहर के अवकाश के दौरान गेट मीटिंग और विरोध सभाएं आयोजित कर अपना रोष व्यक्त किया।
दिन की शुरुआत सुबह करीब 7 बजे ग्रेटर नोएडा के उद्योग विहार स्थित अनमोल इंडस्ट्रीज परिसर से हुई, जहां मजदूरों की एक सभा आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने हिस्सा लिया और श्रम नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।
इसके बाद सुबह 9 बजे ग्रेटर नोएडा के नवादा गांव स्थित हनुमान मंदिर से ग्रेटर नोएडा माली एवं सफाई कामगार यूनियन के नेतृत्व में एक जुलूस निकाला गया। जुलूस डीएलसी कार्यालय पहुंचा, जहां मजदूरों ने धरना देकर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। यूनियन प्रतिनिधियों ने न्यायालय के आदेश के अनुरूप कामगारों की ड्यूटी पर वापसी और बकाया वेतन के भुगतान की मांग उठाई।
सुबह 11 बजे नोएडा के सेक्टर-12 और 22 क्षेत्र से रिक्शा चालकों ने भी रैली निकालकर सेक्टर-19 स्थित नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय तक मार्च किया। इस दौरान किराया बढ़ाने सहित अन्य समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
दोपहर 12 बजे सेक्टर-3 स्थित श्रम कार्यालय के बाहर विभिन्न ट्रेड यूनियनों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। इस दौरान श्रमिक नेताओं और यूनियन पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार की श्रम नीतियों की आलोचना करते हुए इन्हें मजदूर विरोधी बताया। प्रदर्शन के दौरान श्रम संहिताओं की प्रतियां प्रतीकात्मक रूप से जलाकर विरोध जताया गया और उपश्रमायुक्त के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार को मांगपत्र भेजा गया।
दोपहर करीब 2 बजे नोएडा के फेस-2 क्षेत्र स्थित एक औद्योगिक इकाई में तथा दादरी के एनटीपीसी परिसर और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी अलग-अलग स्थानों पर विरोध सभाएं आयोजित की गईं। इन सभाओं में श्रमिकों ने श्रम कानूनों में किए गए बदलावों के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
जिले के कई औद्योगिक इलाकों में फैक्ट्री गेटों पर धरना-प्रदर्शन, जुलूस और मोटरसाइकिल रैलियों के माध्यम से भी मजदूर संगठनों ने एकजुटता का प्रदर्शन किया।
मजदूर संगठनों के नेताओं का कहना है कि नई श्रम संहिताएं श्रमिकों के अधिकारों को कमजोर करती हैं। उनका आरोप है कि इन कानूनों के लागू होने से यूनियन बनाने और हड़ताल करने के अधिकार सीमित हो सकते हैं, कार्य अवधि और रोजगार की शर्तों में बदलाव हो सकता है तथा ठेका प्रथा को बढ़ावा मिलेगा। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इन प्रावधानों को वापस नहीं लिया गया तो मजदूर संगठनों द्वारा आगे भी आंदोलन जारी रखा जाएगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।