Noida News (01/04/2026): सेक्टर-27 स्थित क्लब में बुधवार को आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में सेक्टर-51 के निवासियों ने अपनी प्रमुख समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया। कार्यक्रम में नोएडा के विधायक पंकज सिंह तथा नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सेक्टर-51 आरडब्ल्यूए की ओर से महासचिव संजीव कुमार ने लिखित और मौखिक रूप से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया तथा उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने बताया कि सेक्टर-51 के निवासी लंबे समय से कई मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान इन मुद्दों को विस्तार से रखते हुए प्राधिकरण से तत्काल कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया।
आरडब्ल्यूए महासचिव संजीव कुमार ने बताया कि नोएडा की सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए रोड इंजीनियरिंग में सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि यू-टर्न और सड़क डिज़ाइन को बेहतर बनाने के लिए आसपास के सेक्टरों की आरडब्ल्यूए से भी परामर्श लिया जाए।
इसके साथ ही सेक्टर-51 के डी और ई ब्लॉक के पास से गुजरने वाली नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की लाइन से होने वाले शोर प्रदूषण को कम करने के लिए साउंड बैरियर लगाए जाने की मांग भी उठाई गई। निवासियों ने कहा कि मेट्रो के संचालन से आसपास के घरों में लगातार ध्वनि प्रदूषण की समस्या बनी रहती है।
आरडब्ल्यूए ने नोएडा के विभिन्न सेक्टरों से गुजरने वाले बड़े नालों को कवर करने और उनके ऊपर व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा। इसके अलावा प्राधिकरण द्वारा आवंटित सी-7 बारात घर को आधुनिक क्लब और बैंक्वेट हॉल की तर्ज पर नवीनीकरण करने, वहां ग्रीस ट्रैप और फायर फाइटिंग सिस्टम की उचित व्यवस्था करने की मांग की गई ताकि किसी भी आपात स्थिति में निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
सेक्टर-51 में सीवर ओवरफ्लो की समस्या को भी गंभीर बताया गया और इसे तत्काल ठीक करने की मांग की गई। आरडब्ल्यूए ने बारात घरों की रसोई में अनिवार्य रूप से ग्रीस ट्रैप लगाने की व्यवस्था करने का सुझाव भी दिया। जनसंवाद के दौरान आपदा प्रबंधन से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। जलभराव, आग या अन्य आपदा की स्थिति में निवासियों की सुरक्षा के लिए हेलीकॉप्टर जैसी आपात व्यवस्था उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया। साथ ही नागरिक सेवाओं से जुड़े ‘सिटीजन चार्टर’ को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की गई।

आरडब्ल्यूए ने यह भी आरोप लगाया कि सेक्टर-51 जैसे आवासीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जो नियमों के विरुद्ध हैं। इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित लीज डीड को रद्द करने की मांग की गई। इसके अलावा सेक्टर की ग्रीन बेल्ट को बिल्डरों को बेचने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा गया कि इससे पर्यावरण और क्षेत्र की हरियाली पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
डी ब्लॉक स्थित पार्क के शेष हिस्से, जिसे स्थानीय लोग ‘हिटलर पार्क’ के नाम से जानते हैं, को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए वहां बाउंड्री वॉल और कंसर्टीना फेंसिंग लगाने का भी अनुरोध किया गया। आरडब्ल्यूए ने सेक्टर-51 की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने, आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर नियंत्रण के लिए प्रभावी डॉग पॉलिसी लागू करने और सेक्टर-50 व 51 के बड़े पार्कों में डॉग पॉलिसी से संबंधित नियमों के बोर्ड लगाने की मांग भी उठाई।
इसके अलावा सेक्टर-51 में टूटे हुए इंडिकेशन और डिमार्केशन बोर्डों को ठीक कराने या नए बोर्ड लगाने, बिजली की ओवरहेड केबल को भूमिगत करने तथा सेक्टर-50 स्थित मेघदूतम पार्क के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा कर्मियों के लिए सुरक्षा हट बनाने की मांग भी जनसंवाद कार्यक्रम में रखी गई। कार्यक्रम के दौरान आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि विधायक और प्राधिकरण के अधिकारी इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान की दिशा में कदम उठाएंगे, जिससे सेक्टर-51 के निवासियों को राहत मिल सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।