Galgotias University के 10 वे दीक्षांत समारोह में जलयोद्धा उमा शंकर पांडेय ने क्या दिया संदेश
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (29/03/2026): Galgotias University ने आज अपना भव्य दीक्षांत समारोह 2026 आयोजित किया, जो स्नातक हो रहे छात्रों के लिए एक गर्व और यादगार क्षण साबित हुआ। इस समारोह की शोभा पूर्व इसरो चेयरमैन ए. एस. किरण कुमार ने बढ़ाई, साथ ही विशिष्ट गणमान्य व्यक्तियों में सामाजिक कार्यकर्ता और जल संरक्षण विशेषज्ञ उमा शंकर पांडेय, धानुका एग्रीटेक के चेयरमैन एमिरेट्स डॉ. राम गोपाल अग्रवाल और विनीत गोयनका शामिल रहे।
यह कार्यक्रम डॉ. सुनील गलगोटिया, चांसलर और संस्थापक की गरिमामयी अध्यक्षता में आयोजित किया। इस अवसर पर कुलपति डॉ. के. मल्लिकार्जुन बाबू, चांसलर के सलाहकार डॉ. प्रभात कुमार, प्रो वाइस चांसलर डॉ. अवधेश कुमार और रजिस्ट्रार डॉ. नितिन कुमार गौर भी उपस्थित रहे।
गलगोटिया यूनिवर्सिटी में आयोजित दीक्षांत समारोह में अतिथि समाजसेवी उमा शंकर पांडेय ने छात्रों को संबोधित करते हुए जल, पर्यावरण और मूल्यों के महत्व पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पूरी दुनिया जल संकट, शुद्ध हवा और रसायनयुक्त भोजन जैसी समस्याओं का सामना कर रही है, ऐसे में देश का भविष्य छात्रों के हाथ में है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें और आने वाले समय में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें।

अपने संबोधन में उन्होंने माता-पिता और गुरुओं के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए माता-पिता का सम्मान और उनके आशीर्वाद का विशेष महत्व होता है। जो व्यक्ति अपने बड़ों का आदर करता है, उसे आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने यह भी कहा कि माता-पिता, शिक्षक और सच्चे मित्र ही ऐसे लोग होते हैं जो हमेशा चाहते हैं कि व्यक्ति उनसे आगे बढ़े।
उमा शंकर पांडेय ने जल संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए कई आंकड़ों के माध्यम से इसकी गंभीरता बताई। उन्होंने कहा कि देश में सीमित संसाधनों के बीच तेजी से बढ़ती आबादी के कारण पानी की मांग लगातार बढ़ रही है। साथ ही उन्होंने बताया कि बड़ी मात्रा में पेड़ों की कटाई और मिट्टी के बहाव जैसी समस्याएं भी पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रही हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि आज पानी एक बड़ा व्यापार बन चुका है, जहां अलग-अलग प्रकार के पानी ऊंची कीमतों पर बेचे जा रहे हैं।
उन्होंने छात्रों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी और शोध व नवाचार की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्राचीन भारत की जल प्रबंधन तकनीकों का उल्लेख करते हुए कहा कि पुराने समय में पहाड़ों पर भी जल संरचनाएं बनाई जाती थीं, जिन पर आज शोध की आवश्यकता है। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने देशभर में जल संरक्षण को लेकर कार्य किया है और उनका लक्ष्य भारत में दुनिया का पहला ‘वॉटर यूनिवर्सिटी’ स्थापित करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को जल संकट का सामना न करना पड़े।
टेन न्यूज नेटवर्क से खास बातचीत में उमा शंकर पांडेय ने कहा कि गलगोटिया विश्वविद्यालय का 10वां दीक्षांत समारोह शिक्षा और संस्कारों का एक महत्वपूर्ण मंच है, जहाँ विद्यार्थी अपने भविष्य की दिशा तय करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने की सलाह देते हुए कहा कि यदि युवा सही दिशा में तकनीक का उपयोग करें और अपने क्षेत्र का स्पष्ट चुनाव करें, तो वे निश्चित रूप से सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए संस्कृत श्लोक “विद्या ददाति विनयम्…” का उल्लेख किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने जल संकट को गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि दुनिया में पानी सीमित है और इसे बनाया नहीं जा सकता, केवल बचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि बढ़ती जनसंख्या और घटते जल संसाधनों के कारण आने वाले समय में स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है। इस दिशा में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जल बचाने और जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने जल से जुड़े शैक्षणिक संस्थानों, पाठशालाओं और जनआंदोलन की जरूरत बताई।
इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक मूल्यों पर जोर देते हुए कहा कि माता-पिता और परिवार के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी निभाना हर व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि समाज और परिवार के सहयोग से ही व्यक्ति आगे बढ़ता है, इसलिए युवाओं को अपनी जड़ों और रिश्तों से जुड़े रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि शिक्षित समाज के निर्माण में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।