पंचशील हायनिश सोसायटी में AOA चुनाव की मांग पर प्रदर्शन, मारपीट का आरोप
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida West News (23/11/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील हायनिश सोसायटी में एओए चुनाव कराने की मांग को लेकर निवासियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान एओए पदाधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद हो गया। निवासियों ने एक युवक के साथ मारपीट और महिलाओं के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया है। घटना से नाराज निवासियों ने बिसरख कोतवाली पहुंचकर विरोध जताया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
निवासियों का कहना है कि एओए का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, इसके बावजूद चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि सोसायटी में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया शुरू करने की मांग लगातार उठाई जा रही है, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसी के विरोध में निवासियों ने सोसायटी परिसर में सांकेतिक प्रदर्शन किया था।
निवासियों ने सोसायटी के एसटीपी पर करीब 75 लाख रुपये के जुर्माने, सरकारी विभागों से मिले नोटिस और एनपीसीएल से जुड़े मामलों की जानकारी छिपाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार एओए से इन मामलों में जवाब मांगा गया, लेकिन संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई। प्रदर्शन के दौरान एओए कार्यालय के पास विवाद बढ़ गया। निवासियों का आरोप है कि अनुज नाम के युवक के साथ मारपीट की गई, जिससे उनके हाथ और सिर में चोट आई। वहीं, प्रदर्शन में शामिल महिलाओं के साथ भी अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है।
इसके बाद निवासी और प्रभावित महिलाएं शिकायत लेकर बिसरख कोतवाली पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही जिला रजिस्ट्रार की निगरानी में जल्द एओए चुनाव कराने की मांग उठाई है।
वहीं, एओए अध्यक्ष विनोद नेगी ने निवासियों के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि एओए चुनाव का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने महिलाओं के साथ अभद्रता करने के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों ने उनके साथ हाथापाई की थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।