Noida International Airport Inauguration: पीएम मोदी ने दी विकास को नई उड़ान, यूपी बना वैश्विक कनेक्टिविटी का केंद्र
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (28/03/2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के प्रथम चरण का भव्य उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण कर विकास कार्यों का जायजा लिया तथा इसके बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। यह अवसर न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण विकास मील का पत्थर माना जा रहा है। इस परियोजना को उत्तर भारत की आर्थिक और औद्योगिक प्रगति के लिए गेमचेंजर के रूप में देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने अपने संबोधन में जेवर एयरपोर्ट को मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि यह परियोजना माल ढुलाई कॉरिडोर, दादरी लॉजिस्टिक हब और विभिन्न परिवहन नेटवर्क से जुड़कर उद्योगों और किसानों के लिए तेज व सुगम परिवहन का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र निवेश और व्यापार का बड़ा केंद्र बनेगा। किसानों के योगदान को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भूमि उपलब्ध कराने से लेकर इथेनॉल उत्पादन तक उनकी भूमिका देश को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्षों में देश में एयरपोर्ट की संख्या दोगुने से अधिक बढ़ी है और ‘उड़ान’ योजना के माध्यम से हवाई यात्रा आम नागरिक तक पहुंची है। उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और राष्ट्रीय एकता पर जोर देते हुए कहा कि विकसित भारत के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा और संकट के समय देशहित सर्वोपरि होना चाहिए।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर नई पहचान बना रहा है और जेवर एयरपोर्ट उसी सोच का प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी और उत्तर प्रदेश को वैश्विक एविएशन नेटवर्क में मजबूत स्थान दिलाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि 2021 में रखी गई आधारशिला के बाद अब उद्घाटन होना विकास की तेज गति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे नेटवर्क, औद्योगिक क्लस्टर और आधुनिक लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के साथ यह क्षेत्र एक बड़े आर्थिक हब के रूप में उभरेगा। साथ ही, लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और किसानों के सहयोग से यह परियोजना सफल हो सकी है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Deputy CM Brajesh Pathak) ने इसे “देश और एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में से एक” बताते हुए कहा कि यह परियोजना हवाई यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट रोजगार सृजन और क्षेत्रीय विकास का बड़ा माध्यम बनेगा तथा विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती देगा।

वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि यह केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि विकास सरकार की प्राथमिकता है और जेवर एयरपोर्ट उसी दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने यह भी दोहराया कि सरकार का लक्ष्य ऐसा भारत बनाना है, जहां सामान्य नागरिक भी हवाई यात्रा का लाभ उठा सके।
गौतमबुद्ध नगर से सांसद डॉ महेश शर्मा (MP Mahesh Sharma) ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है। उन्होंने जेवर के किसानों का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग से इतना बड़ा प्रोजेक्ट बिना किसी बाधा के पूरा हो सका। उन्होंने कहा कि यह विकास क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर को पूरी तरह बदल देगा और जमीनों के मूल्य से लेकर रोजगार तक हर क्षेत्र में सकारात्मक प्रभाव दिखाई देगा।

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह (MLA Dhirendra Singh) ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि जेवर आज इतिहास रच रहा है और लोग इस परिवर्तन के साक्षी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के माध्यम से रोजगार और समृद्धि के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही यहां से घरेलू उड़ानें शुरू होंगी और उसके बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन भी प्रारंभ होगा। उन्होंने किसानों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके त्याग से ही यह परियोजना संभव हो सकी और सरकार से अपील की कि उन्हें विकास की योजनाओं में प्राथमिकता दी जाए।
इस विशेष और ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, गौतमबुद्ध नगर के लोकसभा सांसद डॉ महेश शर्मा, राज्य सभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, एमएलसी श्रीचंद शर्मा , नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट सीईओ क्रिस्टोफ स्कैनलमैन सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

आज हो रहे इस उद्घाटन के साथ ही जेवर एयरपोर्ट को प्रदेश के औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन विकास के लिए एक बड़ा इंजन माना जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। सरकार का मानना है कि इस एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल लाखों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।