दीपावली पर बस किराये की मनमानी! निजी संचालकों ने मांगा दोगुना किराया

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (08 नवंबर 2026): दीपावली के त्योहार पर अपने घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को ग्रेटर नोएडा में बसों की कमी के चलते भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा रही। आगरा, लखनऊ, देवरिया और बिहार के पटना समेत विभिन्न शहरों में जाने के लिए लोग घंटों बसों का इंतजार करते नजर आए। इस बीच निजी बस संचालकों पर सामान्य किराये से दोगुना तक किराया मांगने के आरोप लगे हैं।

यात्रियों के मुताबिक, कई लोगों को तीन से चार घंटे तक इंतजार करने के बावजूद बस नहीं मिल सकी। कुछ यात्रियों ने पहले से ऑनलाइन टिकट बुक करा रखे थे, लेकिन उनका आरोप है कि निर्धारित समय पर बस नहीं पहुंची। परिवार और छोटे बच्चों के साथ सफर कर रहे लोगों को सड़क किनारे बैठकर बसों का इंतजार करना पड़ा। त्योहार पर समय से घर पहुंचने की जल्दबाजी में कई यात्री अधिक किराया देने को भी मजबूर दिखाई दिए।

निजी बस संचालकों की ओर से कथित तौर पर मनमाना किराया वसूले जाने की शिकायतों ने यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। यात्रियों का आरोप है कि सामान्य दिनों में जिस सफर के लिए कम किराया देना पड़ता है, उसी यात्रा के लिए दीपावली के दौरान दोगुने तक पैसे मांगे जा रहे हैं। वहीं, अधिक किराया देने से इनकार करने पर कुछ यात्रियों को बस में जगह नहीं मिलने की शिकायत भी सामने आई है।

गौरतलब है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने विशेष बस संचालन की तैयारी की थी। इसके तहत नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो की 305 बसों के माध्यम से 6 से 17 नवंबर तक 900 अतिरिक्त फेरे लगाने की योजना बनाई गई थी। इसके बावजूद जीरो पॉइंट पर यात्रियों की भारी भीड़ और बसों के लिए लंबा इंतजार परिवहन व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रहा है।

त्योहारों के दौरान पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होती है। ऐसे में यात्रियों ने प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाने, निजी बसों के किराये पर निगरानी रखने और ऑनलाइन टिकट बुकिंग के बाद निर्धारित समय पर बस उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन यात्रियों को राहत देने के लिए क्या कदम उठाते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।