नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों को यमुना क्रूज के सफर के लिए करना होगा अब इंतजार
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (08/11/2026): दिल्ली-एनसीआर के लोगों को जल्द ही यमुना नदी में क्रूज की सैर करने का मौका मिलने जा रहा है। दिल्ली में शुरू होने वाली नमो यमुना रिवर सफारी को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 10 नवंबर 2026 से आम लोगों के लिए फेरी सेवा शुरू करने की तैयारी है। हालांकि, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों को इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए दिल्ली पहुंचना होगा, क्योंकि फिलहाल यह सेवा नोएडा में शुरू नहीं हो रही है।
इस क्रूज सेवा के लिए दिल्ली में सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब 6 किलोमीटर का जलमार्ग तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 26 अक्टूबर को पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और अधिकारियों के साथ परियोजना का निरीक्षण किया था। इस दौरान क्रूज का ट्रायल भी किया गया। अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए थे।
क्रूज में एक बार में करीब 30 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था बताई जा रही है। सोनिया विहार से जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक जाकर वापस आने में लगभग 35 से 45 मिनट का समय लगेगा। इस दौरान पर्यटक यमुना नदी और उसके आसपास के नजारों का आनंद ले सकेंगे। यह सुविधा खासतौर पर परिवार के साथ घूमने और वीकेंड बिताने वालों के लिए नया विकल्प बन सकती है।
क्या होगा टिकट का खर्च?
प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार क्रूज यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये किराया और परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये शुल्क देना पड़ सकता है। इस तरह एक व्यक्ति का कुल खर्च करीब 550 रुपये हो सकता है। हालांकि, टिकट की अंतिम कीमत और बुकिंग से जुड़ी जानकारी आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।
पर्यटकों के लिए मिलेंगी कई सुविधाएं
यमुना क्रूज परियोजना के तहत आसपास के क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की भी योजना है। यहां फूड कियोस्क, रेस्टोरेंट, बच्चों के लिए किड्स जोन, म्यूजिकल फाउंटेन और बैठने की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा वाटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए यह दिल्ली के नजदीक घूमने का एक नया विकल्प बन सकता है। हालांकि, इसके लिए उन्हें दिल्ली के सोनिया विहार पहुंचना होगा। फिलहाल नोएडा में क्रूज सेवा शुरू होने की कोई तारीख सामने नहीं आई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।