जेवर से उड़ान: AI से लैस 5 स्तरीय सुरक्षा चक्र के घेरे में Noida International Airport

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Jewar News (28 March 2027): नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निवासियों के लिए आज का दिन इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। वर्षों से रेलवे स्टेशन की मांग कर रहे स्थानीय लोगों को आज उससे कहीं बड़ा तोहफा मिला है। एक पुरानी कहावत है, “मांगेंगे राम से, अगर नहीं देंगे तो दशरथ से लड़कर लेंगे” लेकिन यहां सरकार ने मांग से भी आगे बढ़कर ‘बोनान्ज़ा ऑफर’ के रूप में सीधे इंटरनेशनल एयरपोर्ट ही दे दिया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) का भव्य उद्घाटन कर इसे देश की जनता को समर्पित करेंगे, जिससे क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री के आगमन और एयरपोर्ट की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे एयरपोर्ट परिसर को पांच सुरक्षा चक्रों में विभाजित किया गया है, ताकि किसी भी तरह की चूक की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। एयरपोर्ट की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी Central Industrial Security Force (CISF) को सौंपी गई है, जिसके तहत करीब 1047 जवान तैनात किए गए हैं। यह तैयारी इस एयरपोर्ट को देश के सबसे सुरक्षित एयरपोर्ट्स में शामिल करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

सुरक्षा के पारंपरिक इंतजामों के साथ-साथ इस एयरपोर्ट की सबसे बड़ी खासियत इसका अत्याधुनिक डिजिटल और तकनीकी ढांचा है। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी प्रणाली लागू की गई है, जो हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेगी। यात्रियों और उनके सामान की जांच के लिए 3D एक्स-रे बैगेज स्कैनर, विस्फोटक पहचान प्रणाली (EDS) और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन सिस्टम लगाए गए हैं। इन हाईटेक सुविधाओं के जरिए सुरक्षा जांच न केवल तेज होगी, बल्कि अधिक सटीक और प्रभावी भी बनेगी।

वर्तमान समय में बढ़ते साइबर खतरों को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को भी पूरी तरह सुरक्षित बनाया गया है। इसके लिए एक मजबूत साइबर सिक्योरिटी नेटवर्क तैयार किया गया है, जो डेटा चोरी और हैकिंग जैसी घटनाओं को रोकने में सक्षम होगा। CISF के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, जेवर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था देश के अन्य एयरपोर्ट्स की तुलना में कहीं अधिक आधुनिक और सुदृढ़ है। इसके अलावा, अत्याधुनिक हथियारों से लैस कमांडो और क्विक रिएक्शन टीमें 24 घंटे हर आपात स्थिति से निपटने के लिए तैनात रहेंगी।

कुल मिलाकर, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन न केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट की शुरुआत है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास का नया अध्याय भी साबित होने जा रहा है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।