जेवर में पीएम की रैली को लेकर तैयारियां तेज, व्यवस्थाओं की समीक्षा में जुटे विधायक धीरेंद्र सिंह
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (25/03/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र में प्रस्तावित प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। इसी क्रम में जेवर विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेंद्र सिंह ने बुधवार को सभा स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान मंच निर्माण, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और आमजन के लिए मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इतनी बड़ी जनसभा को देखते हुए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की गुंजाइश न रहे और हर व्यवस्था समय से पहले पूरी कर ली जाए।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, इस जनसभा में लगभग दो लाख लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। भीड़ के इस बड़े स्तर को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को विशेष रूप से अलर्ट पर रखा गया है। सभा स्थल के आसपास यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग जोन चिन्हित किए गए हैं, ताकि आवागमन सुचारु बना रहे। साथ ही पेयजल, शौचालय और चिकित्सा सुविधाओं की भी व्यापक व्यवस्था की जा रही है।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने निरीक्षण के दौरान कहा कि यह आयोजन क्षेत्र के विकास इतिहास में एक अहम पड़ाव साबित होगा। उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना का उल्लेख करते हुए किसानों के योगदान को सराहा और कहा कि अपनी भूमि देकर उन्होंने देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका यह योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
जेवर क्षेत्र में प्रस्तावित प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस संबंध में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य पंडाल लगभग तैयार हो चुका है। इसके साथ ही वीआईपी और वीवीआईपी दीर्घाओं का निर्माण भी तेजी से पूरा किया जा रहा है तथा मंच की तैयारियां भी अंतिम रूप ले रही हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल को भव्य रूप दिया जा रहा है और दोनों ओर अतिरिक्त पंडाल लगाए जा रहे हैं, ताकि गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विधायक ने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक में वॉटर डिस्पेंसर की व्यवस्था की जाएगी, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर न जाना पड़े। इसके अलावा पूरे परिसर में पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम स्थापित किया जा रहा है, जिसे पार्किंग क्षेत्र से भी जोड़ा जाएगा, ताकि अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को उनके गंतव्य तक आसानी से पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि जेवर इस ऐतिहासिक क्षण के लिए पूरी तरह तैयार है और अब केवल तीन दिन शेष हैं, जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ यहां पहुंचकर विश्वस्तरीय अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर जेवर वैश्विक मानचित्र पर अपनी एक नई पहचान स्थापित करेगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
धीरेंद्र सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यह क्षण जेवर के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है और अधिक से अधिक संख्या में लोग इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें। क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में जनसभा में पहुंचकर इस महत्वपूर्ण अवसर के साक्षी बनें। प्रशासन और आयोजकों की ओर से भी यह सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं कि कार्यक्रम सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।